यूपी में ओवैसी को बड़ा झटका, AIMIM के राष्ट्रीय प्रवक्ता आसिम वकार कांग्रेस में होंगे शामिल
UP Assembly Election: यूपी विधानसभा चुनाव से पहले राज्य में राजनीतिक उथल-पुथल शुरू हो गए हैं। पार्टी नेताओं के मतभेद अब सतह पर आने लगे हैं। उत्तर प्रदेश की राजनीति में अपनी जमीन तलाश रही असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम (AIMIM) को बड़ा राजनीतिक झटका लगने जा रहा है। पार्टी के प्रमुख राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद आसिम वकार कांग्रेस पार्टी में शामिल होने जा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार, वकार बुधवार को दिल्ली में आधिकारिक तौर पर कांग्रेस की सदस्यता लेंगे। पिछले एक दशक से AIMIM में सक्रिय भूमिका निभा रहे वकार यूपी की राजनीति में पार्टी का एक बड़ा और चर्चित चेहरा माने जाते हैं।
यूपी में ओवैसी की मुहिम को झटका
आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों को देखते हुए असदुद्दीन ओवैसी लगातार राज्य में सक्रिय हैं और पार्टी का आधार मजबूत करने में जुटे हैं। ऐसे में आसिम वकार जैसे वरिष्ठ और पुराने चेहरे का साथ छोड़ना पार्टी के लिए बड़ा नुकसान माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि वकार पिछले कुछ समय से यूपी AIMIM इकाई के संगठनात्मक निर्णयों से असंतुष्ट चल रहे थे।
इसे भी पढ़ें: पत्नी के अपमान पर चुप रहने वाले क्या करेंगे महिलाओं का सम्मान
इमरान प्रतापगढ़ी ने निभाई मुख्य भूमिका
लखनऊ निवासी आसिम वकार AIMIM में आने से पहले लगभग 20 वर्षों तक समाजवादी पार्टी (SP) में भी सक्रिय रह चुके हैं। हालांकि, अपनी पुरानी पार्टी में लौटने के बजाय उन्होंने कांग्रेस को चुना। सूत्रों की मानें तो इस राजनीतिक बदलाव में अल्पसंख्यक कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। जब इस संबंध में वकार से बात की गई, तो उन्होंने इसकी पुष्टि तो नहीं की, लेकिन कांग्रेस में जाने की खबरों का खंडन भी नहीं किया।

बीजेपी के पूर्व सांसद पर भी कांग्रेस की नजर
उत्तर प्रदेश में सपा-कांग्रेस गठबंधन के बीच सीट बंटवारे की औपचारिक वार्ता से ठीक पहले कांग्रेस बड़े चेहरों को जोड़कर अपना दावा मजबूत करना चाहती है। इसी रणनीति के तहत कांग्रेस की नजर मोहनलालगंज से पूर्व भाजपा सांसद और पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री कौशल किशोर पर भी है। प्रमुख दलित नेता कौशल किशोर को पार्टी में शामिल कराकर कांग्रेस राज्य में दलित-मुस्लिम समीकरण को धार देने की कोशिश में है।
इसे भी पढ़ें: ममता बनर्जी की भतीजी ब्रिष्टि मुखोपाध्याय ने की आत्महत्या
