ममता बनर्जी की भतीजी ब्रिष्टि मुखोपाध्याय ने की आत्महत्या
कोलकाता: पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के परिवार से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। बीरभूम जिले के रामपुरहाट में उनकी भतीजी ब्रिष्टि मुखोपाध्याय ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के अनुसार, मंगलवार सुबह रामपुरहाट पुलिस स्टेशन क्षेत्र के कुसुम्बा गांव स्थित उनके मकान की दूसरी मंजिल पर ब्रिष्टि का शव फंदे से लटका हुआ पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय रामपुरहाट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रामपुरहाट गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज भेज दिया। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है।
5-6 सालों से डिप्रेशन में थीं ब्रिष्टि
घटना पर दुख व्यक्त करते हुए ब्रिष्टि के पिता निहार मुखोपाध्याय (ममता बनर्जी के चचेरे भाई) ने बताया कि उनकी बेटी पिछले पांच-छह वर्षों से गंभीर मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रही थी। उन्होंने कहा, हम नियमित रूप से उसका डॉक्टरी इलाज करा रहे थे। जब यह हादसा हुआ, तब हम घर की निचली मंजिल पर थे। हमें समझ नहीं आ रहा कि उसने यह खौफनाक कदम कैसे और क्यों उठा लिया।
शिक्षक भर्ती घोटाले की सूची में दर्ज था नाम
पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इस दुखद घटना के तार राज्य के चर्चित स्कूल शिक्षक भर्ती घोटाले से भी जुड़ रहे हैं। ब्रिष्टि मुखोपाध्याय पर राज्य के प्राइमरी स्कूलों और ग्रुप-सी पदों पर भर्ती में अनियमिताओं के जरिए नौकरी पाने के गंभीर आरोप लगे थे।
कलकत्ता हाईकोर्ट के सख्त आदेश के बाद पश्चिम बंगाल सेंट्रल स्कूल सर्विस कमीशन (WB SSC) द्वारा जारी की गई योग्य/अयोग्य अभ्यर्थियों की सूची में ब्रिष्टि का नाम 608वें नंबर पर दर्ज था। हालांकि, सूत्रों का यह भी कहना है कि नौकरी में शामिल होने के कुछ ही दिनों बाद उन्होंने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया था।
पारिवारिक तनाव और तलाक की भी जांच कर रही पुलिस
घटना के पीछे पारिवारिक कारणों की भी आशंका जताई जा रही है। स्थानीय सूत्रों ने जानकारी दी कि ब्रिष्टि का अपने पति के साथ पिछले कुछ महीनों से तलाक का मामला चल रहा था। उनकी शादी रामपुरहाट थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले अयश गांव में हुई थी और उनका एक 12 वर्ष का बच्चा भी है। रामपुरहाट पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि क्या इस कदम के पीछे पारिवारिक कलह या वैवाहिक तनाव मुख्य वजह थी।
इसे भी पढ़ें: Poem: हम भारत के हैं सपूत
उल्लेखनीय है कि पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का पैतृक घर रामपुरहाट ब्लॉक नंबर-1 के चाकाईपुर गांव में है, जबकि पास ही स्थित कुसुम्बा गांव में उनके मामा का परिवार रहता है। कुसुम्बा गांव में ममता बनर्जी के मामा अनिल मुखोपाध्याय और उनके बेटे निहार मुखोपाध्याय का परिवार निवास करता है। ब्रिष्टि की अचानक हुई मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर व्याप्त है। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
इसे भी पढ़ें: विचारों की यात्रा है राष्ट्रधर्म: स्वांतरंजन
