पंजाब में आप को बड़ा झटका, नाराज तीन विधायकों ने थामा बीजेपी का दामन

AAP Punjab MLAs Join BJP

नई दिल्ली: पंजाब की राजनीति से जुड़ी इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। आम आदमी पार्टी (AAP) के तीन प्रमुख नेताओं पूर्व आईपीएस और विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह, सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा और समाना से विधायक व पूर्व कैबिनेट मंत्री चेतन सिंह जोड़ामाजरा ने सोमवार को नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया।

पंजाब भाजपा के वरिष्ठ नेतृत्व की उपस्थिति में तीनों नेताओं का औपचारिक रूप से पार्टी में स्वागत किया गया। इस मौके पर नेताओं ने कहा, आम आदमी पार्टी एक डूबती नाव बन चुकी है, जहां जनहित और पंजाब के विकास की अनदेखी की जा रही है। यह सियासी घटनाक्रम पंजाब विधानसभा चुनावों और पार्टी की अंदरूनी गुटबाजी के बीच काफी समय से गरमा रहा था।

कुंवर विजय प्रताप सिंह (अमृतसर उत्तर): पूर्व वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी और अमृतसर उत्तर से विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह ने पहले ही पार्टी की कार्यप्रणाली से नाराज होकर पंजाब विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां को अपना इस्तीफा भेज दिया था।

हरमीत सिंह पठानमाजरा (सनौर): 2022 में सनौर से चुनाव जीते पठानमाजरा के खिलाफ मान सरकार द्वारा की गई कार्रवाई के बाद उन्होंने पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था और आप की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था।

चेतन सिंह जोड़ामाजरा (समाना): भगवंत मान सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके चेतन सिंह जोड़ामाजरा आगामी चुनावों के लिए आई ‘आप’ प्रत्याशियों की पहली सूची में नाम न होने से नाराज चल रहे थे। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए पार्टी छोड़ने का ऐलान किया था।

इसे भी पढ़ें: राहुल गांधी की रैली से दिल्ली के कश्मीरी गेट से दरियागंज तक कारोबार प्रभावित

आप ने विधानसभा अध्यक्ष से की सदस्यता रद्द करने की मांग

इस बड़े सियासी उलटफेर के बाद आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पार्टी ने हमेशा पंजाब के हितों और भ्रष्टाचार मुक्त शासन को प्राथमिकता दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन नेताओं ने पंजाब के हितों के खिलाफ काम किया, उन्हें पार्टी ने पहले ही बाहर का रास्ता दिखा दिया था। वहीं, आम आदमी पार्टी अब विधानसभा अध्यक्ष से दलबदल विरोधी कानून के तहत इन विधायकों की विधानसभा सदस्यता तुरंत प्रभाव से रद्द करने की आधिकारिक मांग करने जा रही है।

इसे भी पढ़ें: राहुल गांधी बोले- 2024 का चुनाव वोट चोरी वाला था

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को Like व Twitter व Instagram पर Follow करना न भूलें...