जापान से लखनऊ पहुंचे दंपती ने हिंदू रीति-रिवाज से रचाई शादी, वैदिक मंत्रों के बीच लिए सात फेरे

Japanese Couple Wedding

Japanese Couple Wedding: भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं का आकर्षण अब सात समंदर पार भी लोगों को अपनी ओर खींच रहा है। हिंदू विवाह की रस्में, वैदिक मंत्रोच्चार और सात फेरों की परंपरा विदेशी लोगों के बीच भी खास पहचान बना रही हैं। इसकी एक खूबसूरत मिसाल उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में देखने को मिली, जहां जापान से आए एक दंपती ने हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार दोबारा शादी रचाई। गोमतीनगर के विवेक खंड स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में सोमवार को वैदिक मंत्रों के बीच विवाह की सभी रस्में संपन्न हुईं। इस खास मौके पर उनके बच्चे भी मौजूद रहे और माता-पिता के विवाह के साक्षी बने।

भारतीय विवाह परंपराओं ने जापानी जोड़े को किया प्रभावित

सनातन संस्कृति में रुचि रखने वाला यह जापानी दंपती इन दिनों अपने परिवार के साथ भारत भ्रमण पर है। इसी दौरान वह लखनऊ में अपने भारतीय मित्र पंकज जोशी के विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचा था। विनय खंड-2 निवासी पंकज पिछले 11 वर्षों से दुबई में रियल एस्टेट और कंपनी एस्टेब्लिशमेंट का कारोबार कर रहे हैं। करीब तीन साल पहले उनकी मुलाकात जापानी कारोबारी हिरो चिहारा से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच दोस्ती गहरी हो गई।

दोस्त की शादी देखकर खुद विवाह करने की जताई इच्छा

बीती 21 नवंबर को पंकज जोशी की शादी थी। उन्होंने अपने जापानी मित्र हिरो चिहारा को परिवार सहित समारोह में आमंत्रित किया था। भारतीय विवाह की पारंपरिक रस्में, धार्मिक अनुष्ठान और वैदिक परंपराएं देखकर हिरो चिहारा और उनकी पत्नी शिजू काफी प्रभावित हुए। इसके बाद दोनों ने भी भारतीय रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह करने की इच्छा जाहिर की। उनकी इस ख्वाहिश को पूरा करने के लिए पंकज और उनके परिचितों ने तैयारियां शुरू कर दीं।

2022 में हुआ था तलाक

जापानी कारोबारी हिरो चिहारा ने हिंदू रीति-रिवाज से विवाह करने के अनुभव को बेहद खास बताया। उन्होंने कहा, यह बहुत कीमती अनुभव था कि हम इतनी खूबसूरत शादी कर पाए। हमने 2022 में तलाक ले लिया था और अब एक-दूसरे से दोबारा शादी की है। हम यह शादी भारत में करना चाहते थे।

दंपती की इस इच्छा के मुताबिक सोमवार को गोमतीनगर के राधा-कृष्ण मंदिर में विवाह समारोह आयोजित किया गया। पुजारी पंडित जनार्दन ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विवाह की रस्में पूरी कराईं। इस दौरान जापानी जोड़े ने भारतीय परंपरा के अनुसार विवाह की रस्में निभाईं। उनके बच्चों की मौजूदगी ने इस आयोजन को और भी भावुक और यादगार बना दिया।

इसे भी पढ़ें: आखिर ब्राह्मण ही क्यों हैं सबकी आँखों की किरकिरी

विदेशी मेहमानों को भी भा रही भारतीय विवाह परंपरा

लखनऊ में जापानी दंपती का हिंदू रीति-रिवाज से विवाह करना भारतीय संस्कृति के प्रति विदेशियों के आकर्षण का एक और उदाहरण है। इससे पहले मार्च में बाराबंकी में एक जर्मन दूल्हे और भारतीय दुल्हन का विवाह भी चर्चा में रहा था। वहीं, वर्ष 2014 में लखनऊ में भी भारतीय और विदेशी नागरिक के बीच पारंपरिक विवाह सुर्खियों में आया था।

जापानी दंपती का यह विवाह इसलिए खास है क्योंकि दोनों ने अपनी वैवाहिक जिंदगी को एक नया अध्याय देते हुए भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं को चुना। यह आयोजन दिखाता है कि भारतीय विवाह की रस्में और सांस्कृतिक विरासत भौगोलिक सीमाओं से परे भी लोगों के दिलों में खास जगह बना रही हैं।

इसे भी पढ़ें: डेंटल सर्जन डॉ. शोभित गुप्ता जैविक तरीके से उगा रहे काला नमक धान

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को Like व Twitter व Instagram पर Follow करना न भूलें...