अखिलेश, राहुल गांधी को डुबाएगा आजम खान का सैलाब

Uttar Pradesh Politics
Acharya Shrihari
आचार्य श्रीहरि

उत्तर प्रदेश की डासना जेल से बाहर निकलने पर आजम खान का शानदार स्वागत हुआ है। धूम-धमाके के साथ उनके समर्थकों ने खुशियां मनाई है, बेहद आक्रामक और संहारक नजरिया प्रस्तुत किया। संदेश ऐसा दिया गया कि किसी महान महापुरुष की रिहाई हुई है और आजम खान कोई खलनायक नहीं बल्कि महानायक है। उसकी रिहाई मात्र से उत्तर प्रदेश की राजनीति में अप्रत्याशित परिवर्तन होगा। सभी मान्य समीकरण बदल जाएंगे। जनता इन्हें कंधों पर बैठाकर घूमेगी।

राजनीति में जब कोई माफिया बन जाता है, जब कोई बाहुबली बन जाता है, जब कोई अपरिहार्य बन जाता है, अपने आप को सर्वश्रेष्ठ मान लेता है, अपने आप को राजनीति को उलटने-पलटने वाला समझ लेता है, अपने आप को जनता का एक मात्र नेतृत्वकर्ता मान लेता है तो फिर उसका राजनीतिक दायरा बढ़ता ही है। उसके पीछे लोग भागते ही हैं, उसका लोग गुणगान ही करते हैं। उसका लोग जय जयकार करते ही है। क्योंकि जय जयकार करने में लोग अपनी भलाई समझते हैं, अपना हित समझते हैं, भविष्य में इसके बदले पुरुस्कार मिलने की उम्मीद होती है।

आजम खान का अगर विस्फोटक और अति आक्रामक स्वागत नहीं होता तो फिर उनका जलवा अभी भी कायम है, यह कैसे पता चलता। राजनीति में उनकी चतुराई कैसे मानी जाती। फिर राजनीति को अपनी उंगलियों पर नचाने की उनकी कला कैसे प्रभाव जमाती। राजनीति में सौदेबाजी कैसे करते? इसलिए भीड़ जुटाई जाती है, भीड़ से जय जयकार कराई जाती है। भीड़ चाहे भाड़े की ही क्यों न हो, कोई फर्क नहीं पड़ता है। मीडिया भी तभी भाव देता है, हाइप देता है जब आजम खान जैसे नेता के प्रति जनता, भीड़ और टटुओ की सहानुभूति प्रकट होती है, प्रदर्शन होता है, नहीं तो मीडिया हाशिए पर भी ढकेल देता है। उपर्युक्त मामले में आजम खान बहुत ही दमदार साबित हुए हैं। उनका जेल से निकलने का प्रथम राजनीतिक पैंतरेबाजी सही में सफल हुई है।

आजम खान ने संदेश क्या दिया है, उनका लक्ष्य क्या है। उनका लक्ष्य और संदेश क्या सही में अति बलशाली है? उनके संदेश के शब्द और वाक्य देखेंगे तो पाएंगे कि वे दो-दो हाथ करने वाले हैं। अपने विरोधियों को धाराशाई करना चाहते हैं। राजनीतिक संहार करना चाहते हैं। अब उनके शब्द और वाक्य सुनिए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश के चुनाव में इंकलाब होगा और सैलाब आयेगा। देश आजाद है पर संविधान कैद है। इसलिए बीजेपी की कैद से संविधान को मुक्त कराने के लिए सैलाब उमड़ना चाहिए, जनविरोध होना चाहिए। आजम खान ने घोषणा कर दी कि भाजपा मर चुकी है, उसका सफाया हो चुका है, अब भाजपा उत्तर प्रदेश में वापसी नहीं करेगी। देश में भी बीजेपी वापसी नहीं करेगी। बीजेपी सांप्रदायिक है, उसने नफरत फैलाई है, सौहार्द्र में आग लगाई है।

अपने उपर माफिया, अपराधी, चोर के लगे आरोप पर उन्होंने मुस्लिम कार्ड खेला और कहा कि उन्हें मुस्लिम होने के कारण झूठे और प्रत्यारोपित मामले में फंसाया गया है। हमने स्कूल खोला और यूनिवर्सिटी बनाई, स्कूल और यूनिवर्सिटी से गरीब मुस्लिम बच्चों को शिक्षा मिल रही, रोजगार मिल रहा है। यह बात बीजेपी को हजम नहीं हुई। मुसलमानों को शिक्षित होना बीजेपी को पसंद नहीं आई। बीजेपी का मुस्लिम विरोधी नीति ने उन्हें अपराधी और माफिया बना दिया।

अब हम आजम खान के इन आरोपों और सफाई का तथ्यों के आधार पर विश्लेषण, पड़ताल और मूल्यांकन करते हैं। जहाँ तक संविधान के कैद होने की बात है तो यह देश में फैशन हो गया है। आजम खान ही क्यों बल्कि हर विरोधी यही कहता है कि देश का संविधान कैद है। बीजेपी ने संविधान का अपहरण कर लिया है। संविधान कैद होने के प्रपंच पर मोदी विरोध का शोर टिका हुआ है। अगर संविधान कैद होता तो फिर आजम खान को जमानत कैसे मिलती? संविधान का रखवाला सुप्रीम कोर्ट है जहां से आजम खान को न्याय मिला है। सबसे बड़ी बात तो यह है कि आजम खान और उनके मजहब के लोग ही संविधान को नहीं मानते हैं। जब उनसे पूछा जाता है कि संविधान और इस्लाम में पहले आप किसे चुनेंगे। किसको सर्वश्रेष्ठ मानेगे, तो उनका उत्तर होता है कि हमारे लिए पहले इस्लाम है, इसके बाद संविधान है। इसलिए आजम खान का यह कहना कि संविधान कैद है, सरासर गलत है और आपत्तिजनक भी है।

उत्तर प्रदेश में इंकलाब होगा, सैलाब आयेगा, यह सिर्फ उनकी राजनीतिक अवधारणा है। वैसे कोई भी नेता अपने विरोधी नेता और विरोधी पार्टी के प्रति कोई अच्छी अवधारणा तो रखता नहीं है। विजयी भवः कहता नहीं है, हमेशा विरोधी पार्टी की हार और सफाये की घोषणा करता है। इसलिए इस प्रशंग पर आजम खान की अवधारणा में नया कुछ नहीं है। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में बीजेपी की हार होगी या नहीं यह तो समय ही बताएगा। चुनाव परिणाम आने के बाद ही यह सब मालूम होगा। आजम खान को मुंगेरीलाल के हसीन सपने देखने से रोका नहीं जाना चाहिए।

आजम खान की सत्ता शक्ति के किस्से बहुत ही निराले हैं, लोमहर्षक हैं, हिंसक हैं, विभत्स हैं, अश्लील हैं। बीजेपी के लोग तो इन्हें देशद्रोही भी कहते हैं, जिहादी भी कहते हैं और विखंडनकारी भी कहते हैं। आजम खान पहली बार तब राजनीति में कुचर्चित हुए थे, जब उन्होने भारत माता को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां कर सनसनी फैलाई थी। भारत माता को डाइन कह दिया था। इसके पूर्व ऐसी गुस्ताखी करने की किसी मुस्लिम राजनीतिज्ञ ने हिम्मत नहीं की थी। पूरे देश में सनसनी फैली थी, प्रतिक्रिया भी भयंकर थी, क्योंकि बीजेपी ही नहीं बल्कि हिंदुत्व इस धरती को भारत माता के रूप में मानते हैं और देखते हैं।

मुलायम सिंह यादव को यह आभाष नहीं था कि आजम खान की भारत माता को डाइन कहने का प्रकरण आगे चलकर उनकी ही राजनीति का फंदा बन जाएगा। मुलायम की मुस्लिम राजनीति तो मजबूत हुई पर उनके हिंदुत्व के जनाधार को दीमक की तरह चाट गया। इतना ही नहीं बल्कि बीजेपी के लिए संजीवनी बूटी बन गई। उनका हिंदू विरोधी एक अन्य करतूत भी हिंसक है। यह प्रकरण कमलेश तिवारी के साथ जुड़ा हुआ था।

कमलेश तिवारी हिंदू एक्टिविस्ट थे। कमलेश तिवारी और आजम खान के बीच बयानबाजी हुई थी, दोनों ने एक-दूसरे के प्रतीकों पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की थी। कमलेश तिवारी की हत्या को लेकर फतवे जारी हुए थे। देश भर में प्रदर्शन हुए थे। तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आजम खान के कहने पर कमलेश तिवारी को जेल में डाल दिया था। करीब दो साल कमलेश तिवारी जेल में बंद थे। जेल से बाहर आने पर उनकी हत्या कर दी गई थी। हिंदूवादी यह मानते हैं कि कमलेश तिवारी को जेल में डालने और उनकी हत्या के पीछे आजम खान की ही भूमिका थी।

मुजफ्फरनगर दंगे में आजम खान की भूमिका हिंसक थी और सांप्रदायिक भी थी। हिंदू युवकों के हत्यारे मुस्लिम युवकों को थाने से जबरदस्ती रिहाई हुई थी, भगाए गए थे, इसके पीछे आजम खान की भूमिका थी। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों का कहना था कि अगर आजम खान ने बलपूर्वक मुस्लिम हत्यारों को थाने से नहीं भगाया होता तो फिर मुजफ्फरनगर दंगे को रोक जा सकता था। बाद में मुजफ्फरनगर का दंगा देश भर में कुख्यात हुआ था और अखिलेश यादव की सरकार खलनायक बनी थी। अखिलेश यादव की सरकार भी ध्वस्त हुई थी, योगी आदित्यनाथ और भाजपा की किस्मत चमकी थी। इनकी हनक देखिये।

इसे भी पढ़ें: शिया अस्मिता संहार की सुन्नी दृष्टि

आजम खान ने जयप्रदा की चड्डी का रंग पूछा था। इस पर भी बवाल हुआ था, मुकदमेबाजी भी हुई थी। लोकसभा के महिला पीठासीन अधिकारी पर आपत्तिजनक टिप्पणियां भी की थी, जिस पर इन्होंने माफी मांगी थी। इनकी भैंस गायब हुई, इनका कुत्ता गायब हुआ तो खोजने में कई जिलों की पुलिस लगाई गई थी। इन पर मुर्गा चोरी, बकरी चोरी, जमीन लूटने, किसी के घर ध्वस्त करने, गलत जन्म तिथि बनवाने जैसे दर्जनों मामले कोर्ट में विचाराधीन है। एक मामले में इन्हें सजा भी हुई है। सबसे बड़ा आरोप जौहर यूनिवर्सिटी को लेकर है, मुस्लिम वर्ग से आने वाले लोग भी आजम खान के खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए हैं। खुशी से जमीन नहीं देने वाले लोगों पर इनकी हिंसा सिर चढ़कर बोलती थी। भ्रष्टाचार के करीब पांच सौ करोड़ रुपए जौहर यूनिवर्सिटी में खपाने का आरोप है।

आजम खान की चुनावी सक्रियता से किसे डरना चाहिए? किसकी लुटिया डुबोएंगे आजम खान? योगी आदित्यनाथ को डरना चाहिए या फिर अखिलेश और राहुल गांधी को डरना चाहिए? मुख्तार अंसारी, अतीक अहमद को निपटा कर और आजम खान को वर्षों जेल में रखकर योगी आदित्यनाथ ने अपनी मुस्लिम विरोधी जनाधार और राजनीति मजबूत कर ली है। आजम खान जितना बोलेंगे उतना हिंदुत्व मजबूत और सशक्त बनेगा। अखिलेश और राहुल गांधी को ही आजम खान की चुनावी बोली की चिंता होगी। नुकसान भी इन्हीं दोनों का होगा। इसलिए आजम खान को बेलगाम बोलने दीजिए।

(लेखक वरिष्ठ पत्रकार हैं।)

इसे भी पढ़ें: उपद्रव नहीं अब उत्सव है उत्तर प्रदेश की पहचान

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को Like व Twitter व Instagram पर Follow करना न भूलें...