प्रेमी के साथ रह रही महिला से शुद्धिकरण के नाम पर सामूहिक दुष्कर्म, पति समेत नौ गिरफ्तार
सुरेंद्रनगर (गुजरात): गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में एक महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म और अमानवीय प्रताड़ना का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पति का घर छोड़कर अपने प्रेमी के साथ रह रही महिला और उसके साथी को शुद्धिकरण के नाम पर बेरहमी से पीटा गया और महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। इस खौफनाक वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला का पता लगाया। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़िता के पति और रिश्तेदारों समेत 9 आरोपियों (जिन्हें दो महिलाएं भी शामिल हैं) को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस जांच के अनुसार, पीड़िता की शादी वापी निवासी एक व्यक्ति से हुई थी। वैवाहिक जीवन में अनबन के चलते वह अपने पति को छोड़कर चोटिला चली गई थी, जहाँ वह पिछले तीन महीनों से अपने प्रेमी के साथ रह रही थी। परिजनों द्वारा ढूंढ निकाले जाने के बाद उसे वापस लाकर घर में कैद कर दिया गया था, लेकिन वह वहां से चकमा देकर दोबारा अपने प्रेमी के पास चोटिला पहुँच गई।
शुद्धिकरण के नाम पर हैवानियत
महिला के वापस लौटने की खबर मिलते ही पति और उसके परिजनों ने दोनों की तलाश शुरू की और उन्हें सुरेंद्रनगर के एक मकान में ले आए। आरोप है कि वहां शुद्धिकरण की रस्म के नाम पर दोनों की लाठियों से बेरहमी से पिटाई की गई। दरिंदों ने प्रेमी को रस्सी से पेड़ से बांध दिया और महिला को कमरे में बंद कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। यही नहीं, आरोपियों ने इस पूरी हैवानियत को मोबाइल में कैद कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया।
इसे भी पढ़ें: जमीन पर पी जाएगी अंतरिक्ष में तैयार व्हिस्की
काउंसलिंग के बाद पीड़िता ने बयान की आपबीती
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कई टीमों का गठन कर इलाके में तलाशी अभियान चलाया। सुरेंद्रनगर के एक घर से पीड़िता को बरामद किया गया। पुलिस की काउंसलिंग के बाद पीड़िता ने अपने साथ हुई इस पूरी दरिंदगी की दास्तान बयान की। पुलिस ने सभी नामजद और संलिप्त आरोपियों को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इसे भी पढ़ें: जीवन का परम ध्येय क्या है
