कजियाह लिज मेजो के सिर सजा मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का ताज, प्यूर्टो रिको में करेंगी देश का प्रतिनिधित्व
Miss Universe India 2026 Winner: राजस्थान की राजधानी जयपुर में आयोजित एक बेहद भव्य और ग्लैमरस समारोह में केरल की 19 वर्षीय कजियाह लिज मेजो (Kaziah Liz Mejo) ने मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम कर लिया है। 23 अगस्त की शाम आयोजित हुए ग्रैंड फिनाले में देश भर से आई 52 फाइनलिस्टों को पछाड़ते हुए कजियाह ने यह ऐतिहासिक जीत दर्ज की। अब वह आगामी नवंबर महीने में प्यूर्टो रिको में आयोजित होने वाली 75वीं मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में वैश्विक मंच पर भारत की नुमाइंदगी करेंगी।
कौन हैं केरल की सौंदर्य क्वीन कजियाह लिज मेजो
केरल के मवेलिक्कारा की रहने वाली 19 वर्षीय कजियाह लिज मेजो पेशावर मॉडलिंग के साथ-साथ कानून (Law) की पढ़ाई कर रही हैं। इतनी कम उम्र में देश का सबसे बड़ा सौंदर्य ताज हासिल कर उन्होंने अपनी एक खास पहचान बनाई है।
यह पहली बार नहीं है जब कजियाह ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई हो। इससे पहले साल 2025 में आयोजित ‘मिस टीन इंटरनेशनल’ प्रतियोगिता में उन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व किया था, जहां वे फर्स्ट रनर-अप रही थीं। अब मिस यूनिवर्स इंडिया का ताज जीतने के बाद वे एक बार फिर देश का नाम रोशन करने के लिए तैयार हैं।
View this post on Instagram
वैश्णवी गणेश फर्स्ट और अनुष्री सातवलेकर बनीं सेकेंड रनर-अप
मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के इस रोमांचक फिनाले में कड़ी टक्कर के बीच तमिलनाडु की वैश्णवी गणेश ने फर्स्ट रनर-अप का खिताब जीता। इसके साथ ही उन्हें ‘मिस इंटरनेशनल इंडिया 2026’ का ताज पहनाया गया। वहीं, गुजरात की अनुष्री सातवलेकर प्रतियोगिता में सेकेंड रनर-अप घोषित की गईं।
8000 से अधिक दावेदारों के बीच हुआ था कठिन मुकाबला
जयपुर में आयोजित इस ग्रैंड फिनाले के साथ ही पिछले कई महीनों से चल रही राष्ट्रव्यापी चयन प्रक्रिया का समापन हो गया। आयोजकों से मिली जानकारी के मुताबिक, इस साल प्रतियोगिता के लिए करीब 8,000 से 9,000 आवेदनों पर विचार किया गया था। कठिन ऑडिशन के बाद इनमें से 52 सर्वश्रेष्ठ प्रतियोगियों को फाइनल राउंड में जगह मिली।
इन फाइनलिस्ट्स का चयन क्षेत्रीय प्रतियोगिताओं, राज्य स्तरीय ऑडिशन, वाइल्ड कार्ड एंट्री और एनआरआई (NRI) कैटेगरी के माध्यम से किया गया था। ग्रैंड फिनाले से पहले सभी प्रतियोगियों को कई कड़े दौर से गुजरना पड़ा, जिनमें सैशिंग सेरेमनी, स्पीच एंड इंट्रोडक्शन राउंड, गाला नाइट और स्विमसूट राउंड शामिल थे।
सुष्मिता सेन की अगुवाई वाली स्पेशल ज्यूरी ने परखा हुनर
इस साल मिस यूनिवर्स इंडिया का ज्यूरी पैनल बेहद खास और दिग्गजों से सजा हुआ था। इस ग्रैंड पैनल की अगुवाई भारत की पहली मिस यूनिवर्स (1994) और बॉलीवुड अभिनेत्री सुष्मिता सेन ने की। ज्यूरी में पूर्व मिस यूनिवर्स इंडिया विजेता सेलीना जेटली (2001) और उर्वशी रौतेला (2015) भी शामिल थीं।
इसके अलावा मिस यूनिवर्स इंडिया 2024 रिया सिंघा, फिल्म निर्माता प्रज्ञा कपूर, जाने-माने बिजनेसमैन विशा लढिया, मिस चार्म 2025 एना ब्लांको और प्रख्यात डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. स्तुति खरे शुक्ला सहित कई नामचीन हस्तियों ने विजेताओं का चुनाव किया।
इसे भी पढ़ें: राहुल गांधी को मंच पर सेल्फी के दौरान छात्रा ने किया KISS
ग्लैमैनंद ग्रुप के पास है मिस यूनिवर्स इंडिया की फ्रेंचाइजी
मिस यूनिवर्स इंडिया एक राष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिता है, जो मिस यूनिवर्स के वैश्विक मंच के लिए भारत के आधिकारिक प्रतिनिधि का चयन करती है। साल 2024 में ‘ग्लैमैनंद ग्रुप’ ने इसकी भारतीय फ्रेंचाइजी की कमान संभाली थी। नई फ्रेंचाइजी के तहत 2024 में रिया सिंघा और 2025 में मनिका विश्वकर्मा ने मिस यूनिवर्स इंडिया का ताज जीता था और वैश्विक स्तर पर देश का मान बढ़ाया था।
75वें मिस यूनिवर्स ताज पर कजियाह की नजरें
राष्ट्रीय ताज अपने नाम करने के बाद अब कजियाह लिज मेजो की निगाहें अंतरराष्ट्रीय ट्रॉफी पर टिकी हैं। नवंबर 2026 में प्यूर्टो रिको में होने वाली 75वीं मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में वे दुनिया भर की सुंदरियों को टक्कर देंगी। इस वैश्विक मुकाबले से पहले कजियाह को विशेष अंतरराष्ट्रीय ग्रूमिंग और ट्रेनिंग सेशन से गुजारा जाएगा।
इसे भी पढ़ें: दिल्ली में 5 सितंबर को फिर सड़कों पर उतरेंगे कॉकरोच
