बलरामपुर में तेंदुए ने मचाया तांडव, बाड़े में घुसकर 88 भेड़ों को उतारा मौत के घाट
Balrampur News: नगर पंचायत गैसड़ी के वार्ड संख्या 10 खरगौरा में बीती रात तेंदुए ने भारी तबाही मचाते हुए 88 भेड़ों को मौत के घाट उतार दिया, जबकि 13 भेड़ें गंभीर रूप से घायल हो गईं। इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, 24 अगस्त की रात करीब 2 से 3 बजे के बीच एक तेंदुआ दीवार फांदकर उस बाड़े में दाखिल हो गया, जहाँ लगभग 200 भेड़ें बंधी हुई थीं। बाड़े में मौजूद भेड़ों पर तेंदुए ने ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। यह बाड़ा खरगौरा निवासी कन्हैयालाल पाल और विजय पाल (पुत्रगण बनारसीलाल) का है। सुबह जब पशुपालक बाड़े में पहुंचे तो वहां का मंजर देखकर सन्न रह गए; चारों तरफ मृत और लहूलुहान भेड़ें पड़ी थीं।

रोते-बिलखते पीड़ित पशुपालकों ने बताया कि वे बेहद गरीब परिवार से ताल्लुक रखते हैं और भेड़ पालन ही उनके परिवार के भरण-पोषण का एकमात्र सहारा था। इस घटना ने एक ही रात में उनकी पूरी रोजी-रोटी छीन ली है। पीड़ित परिवार ने गैसड़ी कोतवाली पुलिस और विकास खंड के पशु चिकित्साधिकारी को लिखित प्रार्थना पत्र देकर न्याय व मुआवजे की गुहार लगाई है।
घटना के बाद से ग्रामीणों में गहरा आक्रोश और भय है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग की रामपुर रेंज से क्षेत्र में तत्काल पिंजरा लगाकर तेंदुए को पकड़ने और पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता देने की मांग उठाई है।
इसे भी पढ़ें: प्रज्ञा मिश्रा ने बहन दिव्या की हत्या के बाद पति मानस और शीबा की मौत पर जताया संदेह
मामले को लेकर थाना कोतवाली गैसड़ी के प्रभारी निरीक्षक राजकुमार पांडे ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस बल भेजकर स्थिति की जांच कराई जा रही है।
वहीं, रामपुर रेंज के वन क्षेत्राधिकारी भोला प्रसाद ने कहा कि वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया है। उन्होंने यह भी आशंका जताई कि इतनी बड़ी संख्या में भेड़ों की मौत तेंदुए के खौफ और भगदड़ की वजह से भी हो सकती है। वन विभाग ने सभी ग्रामीणों को सतर्क और जागरूक रहने की हिदायत दी है।
इसे भी पढ़ें: उर्फी जावेद की ड्रेस में ताका-झांकी करते दिखा डॉगी, क्यूट रिएक्शन हुआ वायरल
