UP ATS के हत्थे चढ़ा जैश-ए-मोहम्मद का संदिग्ध आतंकी, क्रिप्टो करेंसी के जरिए भेजता था टेरर फंड

Jaish e Mohammad Suspect

Meerut News: उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (UP ATS) ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक संदिग्ध आतंकी मोहम्मद जफर को मेरठ से गिरफ्तार किया है। खुफिया एजेंसियों से मिले सटीक इनपुट के आधार पर की गई इस कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ लखनऊ एटीएस थाने में गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी मदरसे के नाम पर लोगों से चंदा जुटाकर उसे पाकिस्तान स्थित आतंकी आकाओं तक पहुंचाता था।

मेरठ के मदरसे से ली मौलवी की डिग्री

पकड़ा गया संदिग्ध आतंकी मोहम्मद जफर मूल रूप से बिहार के पूर्णिया जिले के मीरगंज (थाना रौटा) का रहने वाला है। एटीएस की पूछताछ में खुलासा हुआ कि जफर ने वर्ष 2017 से 2022 तक मेरठ के कोतवाली स्थित ‘मदरसा दारुल उलूम शाही जामा मस्जिद’ में पढ़ाई की थी। साल 2022 में उसने यहीं से मौलवी की डिग्री हासिल की। पढ़ाई के दौरान ही वह धीरे-धीरे कट्टरपंथ की ओर झुकता चला गया और उसकी संदिग्ध गतिविधियों पर एजेंसियों की नजर पड़ गई।

मसूद अजहर से था प्रभावित, सोशल मीडिया पर फैलाता था जहर

पूछताछ के दौरान यह बात साफ हुई है कि जफर जैश-ए-मोहम्मद के संस्थापक मौलाना मसूद अजहर के जहरीले भाषणों से बेहद प्रभावित था। इसी प्रभाव में आकर वह सोशल मीडिया के जरिए पाकिस्तानी हैंडलर्स के संपर्क में आया। जफर के मोबाइल से कई ऐसे व्हाट्सएप ग्रुप मिले हैं, जो सीधे तौर पर पाकिस्तान के नंबरों से जुड़े हैं और जिनमें जिहादी कंटेंट शेयर किया जाता था। वह खुद भी चेहरे पर मास्क लगाकर जिहाद और खिलाफत के समर्थन में वीडियो बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अपलोड करता था।

इसे भी पढ़ें: भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में हरीश द्विवेदी बने राष्ट्रीय महासचिव

क्रिप्टो करेंसी के जरिए पाकिस्तान भेजता था टेरर फंड

एटीएस की तफ्तीश में टेरर फंडिंग का एक बेहद खतरनाक तरीका सामने आया है। जफर मदरसे के नाम पर आम लोगों से चंदा इकट्ठा करता था। उसने शुरुआती दौर में इस रकम को सीधे पाकिस्तानी बैंक खातों में भेजने की कोशिश की थी, लेकिन तकनीकी वजहों से जब बात नहीं बनी, तो उसने बाइनेंस (Binance) अकाउंट का सहारा लिया। आरोपी चंदे के पैसों से क्रिप्टो करेंसी खरीदकर उसे जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी नेटवर्क तक ट्रांसफर कर रहा था।

इसे भी पढ़ें: ईरान की अंडरवियर प्रोटेस्ट गर्ल को जबरन दिए जा रहे एंटी-साइकोटिक इंजेक्शन

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...