Hamirpur News: खाकी फिर दागदार, घूस मांगने वाले दारोगा पर भ्रष्टाचार का केस दर्ज, SP ने किया लाइनहाजिर

Hamirpur Police Corruption

Hamirpur News: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले से खाकी को शर्मसार करने वाला एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। सदर कोतवाली में तैनात सब इंस्पेक्टर (SI) नवीन त्रिपाठी पर एक पीड़ित महिला से रिश्वत मांगने, धमकी देने और उसके पति को अवैध रूप से हिरासत में रखने का संगीन आरोप लगा है। शिकायत का कड़ा संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) मृगांग शेखर पाठक के निर्देश पर आरोपी दारोगा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत एफआईआर (FIR) दर्ज कर ली गई है। साथ ही एसपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सब इंस्पेक्टर को तत्काल प्रभाव से लाइनहाजिर कर दिया है।

क्लीनिक के वार्ड ब्वॉय के परिवार को बनाया शिकार

पूरा मामला सदर कोतवाली क्षेत्र के रमेड़ी तरौंस मोहाल का है। पीड़िता रश्मि शर्मा उर्फ अनुष्का के मुताबिक, उनके पति रोहित शर्मा मौदहा के एक प्राइवेट अस्पताल में वार्ड ब्वॉय का काम करते हैं। कुछ समय पूर्व मोनू नाम के एक व्यक्ति ने हाथ में फ्रैक्चर होने पर रोहित से किसी अच्छे डॉक्टर का पता पूछा था, जिस पर रोहित ने उसे कानपुर के अस्पताल का पता बता दिया। कानपुर में इलाज के बाद भी जब मोनू का हाथ ठीक नहीं हुआ, तो उसने सदर कोतवाली में शिकायती पत्र देकर वार्ड ब्वॉय रोहित पर ही हाथ खराब करने का बेबुनियाद आरोप लगा दिया।

दबाव बनाकर पहले दिलवाए 50 हजार

पीड़िता का गंभीर आरोप है कि इस शिकायत की जांच कर रहे सब इंस्पेक्टर नवीन त्रिपाठी ने रोहित पर अनुचित दबाव बनाया और जबरन शिकायतकर्ता मोनू को 50 हजार रुपये दिलवा दिए। मामले को रफा-दफा करने के नाम पर दारोगा की नीयत यहीं नहीं रुकी; आरोपी दारोगा पीड़िता के घर पहुंच गया और उससे अलग से 55 हजार रुपये रिश्वत की मांग करने लगा। रकम न देने की सूरत में उसने रोहित को झूठे मुकदमे में जेल भेजने की सीधी धमकी दे डाली।

30 हजार ऐंठने के बाद भी पति को उठा ले गई पुलिस

आरोपी सब इंस्पेक्टर की धमकियों से खौफजदा होकर पीड़िता ने जैसे-तैसे 30 हजार रुपये नकद दारोगा को दे दिए। हालांकि, रिश्वत की पहली किस्त मिलने के बाद भी दारोगा की मनमानी जारी रही। आरोप है कि 30 हजार रुपये ऐंठने के बावजूद सब इंस्पेक्टर नवीन त्रिपाठी जबरन पीड़िता के घर में घुसा और उसके पति रोहित को उठाकर सदर कोतवाली ले गया। पुलिस की इस बर्बरता और फर्जी मुकदमे के खौफ के बाद पीड़िता ने सीधे पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई।

इसे भी पढ़ें: स्वतंत्रता दिवस पर कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, लखनऊ में प्रदेश मुख्यालय पर अजय राय ने फहराया तिरंगा

एफआईआर दर्ज, जांच शुरू

महिला की आपबीती और साक्ष्यों को गंभीरता से लेते हुए एसपी मृगांग शेखर पाठक ने तत्काल विभागीय और कानूनी कार्रवाई के आदेश दिए। शनिवार को आरोपी सब इंस्पेक्टर नवीन त्रिपाठी के खिलाफ सदर कोतवाली में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (Anti-Corruption Act) के तहत आपराधिक मुकदमा दर्ज किया गया। सदर कोतवाल रामभरोसे सरोज ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और साक्ष्यों की गहनता से जांच की जा रही है। आरोपी दारोगा को लाइनहाजिर कर जांच के बाद आगे की कठोर कानूनी कार्रवाई की तैयारी है।

इसे भी पढ़ें: CM योगी ने शहीदों के परिजनों को किया सम्मानित, शौर्य व वीर चक्र विजेताओं का बढ़ाया मान

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...