पाकिस्तानी पत्रकार ने जेल में इमरान खान की मौत का किया दावा

Imran Khan

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को लेकर एक बड़ा दावा सामने आया है। वरिष्ठ पत्रकार वजाहत एस. खान ने सरकारी और सैन्य सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि 73 वर्षीय इमरान खान की जेल के अंदर मौत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि इसी वजह से उन्हें परिवार और पार्टी साथियों से मिलने नहीं दिया जा रहा है। हालांकि, पाकिस्तानी सरकार की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि या खंडन नहीं किया गया है। इस बीच, पूर्व प्रधानमंत्री की सेहत को लेकर लगातार बढ़ रही चिंताओं और अटकलों का दौर जारी है।

2023 से जेल में बंद हैं इमरान

गौरतलब है कि इमरान खान को अगस्त 2023 से रावलपिंडी की अदियाला जेल में बंद रखा गया है। क्रिकेटर से राजनेता बने इमरान पर कई मामले चल रहे हैं, जिनमें तोशाखाना (राज्य उपहार बेचने का मामला) और अल-कादिर ट्रस्ट (भूमि भ्रष्टाचार) मामले में उन्हें 14-14 साल की सजा सुनाई गई है। पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) का दावा है कि ये सभी मामले राजनीतिक बदले की कार्रवाई हैं।

सेहत को लेकर पहले भी उठ चुके हैं सवाल

इमरान खान की सेहत को लेकर पहले भी कई बार गंभीर सवाल उठ चुके हैं। फरवरी 2026 में अदियाला जेल में उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद कोर्ट ने उन्हें निजी डॉक्टरों से मिलने की इजाजत दी थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी दाहिनी आंख की 85% रोशनी चली जाने की भी खबर सामने आई थी। PTI लगातार आरोप लगाती रही है कि जेल प्रशासन उन्हें सही इलाज नहीं दे रहा और न ही परिवार से मिलने दे रहा है।

मंगलवार को ही PTI कार्यकर्ताओं और नेताओं ने इस्लामाबाद में सुप्रीम कोर्ट के बाहर विरोध प्रदर्शन किया था। इस दौरान खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने भी इमरान की सेहत पर गहरी चिंता जताई। उनका कहना था कि पार्टी ने कभी उनकी सेहत का राजनीतिकरण नहीं किया, लेकिन अब समय आ गया है कि सरकार गंभीरता दिखाए और उनके परिवार व निजी डॉक्टरों को उनसे मिलने की इजाजत दे। कोर्ट रजिस्ट्रार ने मामलों की सुनवाई अगले सप्ताह कराने का भरोसा दिलाने के बाद प्रदर्शन वापस ले लिया गया।

इसे भी पढ़ें: एली अवराम ने सुनाया कास्टिंग काउच का चौंकाने वाला किस्सा

सरकारी बयान का इंतजार जारी

अभी तक पाकिस्तानी सरकार, सेना या जेल प्रशासन ने वजाहत एस. खान के दावे पर कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया है। पूर्व प्रधानमंत्री की मौत से जुड़ी यह खबर फिलहाल अटकलों के स्तर पर है। लेकिन पीटीआई और आम जनता में इस मामले को लेकर बेचैनी बढ़ती जा रही है, खासकर तब जब पिछले कई महीनों से इमरान की उपस्थिति और सेहत को लेकर लगातार अस्पष्ट स्थिति बनी हुई है।

इसे भी पढ़ें: कोर्ट ने बृजभूषण शरण सिंह पर यौन उत्पीड़न के आरोपों को बताया मनगढ़ंत और राजनीति से प्रेरित

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...