बारिश के बीच अकेली लड़की ने रोकी पुलिस वैन, रिया यादव बनीं इंटरनेट की सुपरगर्ल
मुंबई: दिल्ली के जंतर-मंतर से भड़की NEET परीक्षा में धांधली के खिलाफ विरोध की चिंगारी अब पूरे देश में फैल चुकी है। इसी बीच आर्थिक राजधानी मुंबई से सामने आई एक तस्वीर ने युवाओं के इस आंदोलन में नया जोश भर दिया है। यहाँ तेज बारिश के बीच सड़क पर एक अकेली युवती पुलिस की वैन के सामने दीवार बनकर खड़ी हो गई। उसने अपने एक हाथ से वैन को आगे बढ़ने से रोक दिया। युवती के इस निडर कदम की सोशल मीडिया पर चौतरफा तारीफ हो रही है और लोग उसे ‘मुंबई की सुपरगर्ल’ बुला रहे हैं।
यह मामला दादर के शिवाजी पार्क के पास का है, जहाँ छात्र और कार्यकर्ता केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। जब पुलिस ने कुछ आंदोलनकारियों को वैन में बैठाकर ले जाना चाहा, तभी हुडी और कैप पहने रिया यादव सीधे वैन के आगे आकर खड़ी हो गईं। उनकी इस कड़ी हिम्मत का नतीजा यह रहा कि पुलिस को हिरासत में लिए गए कुछ कार्यकर्ताओं को छोड़ना पड़ा। रिया का कहना है कि अगर पुलिस निष्पक्ष होकर अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाएगी, तो आम नागरिकों को ही अपने अधिकारों के लिए आगे आना पड़ेगा।
मुंबई में छात्रों के समर्थन में लोग शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे।
इसी दौरान प्रदर्शनकारियों को हटाने के लिए पुलिस पहुँची। तभी एक हिम्मती युवती पुलिस वैन के सामने चट्टान की तरह खड़ी हो गई।
रिया अहीर जैसी साहसी युवाओं को सलाम। 🫡
लोकतंत्र में अपनी बात शांतिपूर्ण तरीके से रखना… pic.twitter.com/d3O5B3ijYZ
— nitin yadav (@nitinyadav0940) July 22, 2026
कौन हैं रिया यादव
पेशे से मॉडल, अभिनेत्री और कारोबारी रिया यादव म्यूजिक वीडियो ‘दिलबरा’ से चर्चा में आई थीं। वे ‘रियासत’ नाम से अपना एक क्लोथिंग ब्रांड भी चलाती हैं, जहाँ खुद ही कपड़े डिजाइन करती हैं। इंस्टाग्राम पर भी उनके करीब एक लाख फॉलोअर्स हैं।
इसे भी पढ़ें: रिज़ीम चेंज की साजिश में दिल्ली का पॉलिटिकल ड्रामा
मुंबई भर में उग्र प्रदर्शन
NEET मामले को लेकर मुंबई के कई इलाकों में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनातनी देखने को मिली। दक्षिण मुंबई में कांग्रेस नेताओं को संविधान की कॉपी लेकर बीजेपी दफ्तर जाते समय हिरासत में लिया गया, तो वहीं चेम्बूर में सैकड़ों लोगों ने नारेबाजी की। स्थिति को संभालने और कार्यकर्ताओं को छुड़ाने आदित्य ठाकरे और अमित ठाकरे भी थाने पहुँचे। इसके अलावा दादर में राज ठाकरे की पत्नी शर्मिला ठाकरे भी एक बुर्का पहने महिला प्रदर्शनकारी के समर्थन में सड़क पर बैठ गईं। मुंबई पुलिस के अनुसार, नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में अब तक 400 से अधिक लोगों पर 13 केस दर्ज किए जा चुके हैं।
इसे भी पढ़ें: यूपी के युवाओं को मिलेगा अडानी ग्रुप की कंपनियों में रोजगार
