UP Employment Mission: यूपी के युवाओं को मिलेगा अडानी ग्रुप की कंपनियों में रोजगार, सेवायोजन विभाग और अडानी स्किल्स के बीच MoU साइन
UP Employment Mission 2026: उत्तर प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन को गति देने की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। राज्य के सेवायोजन विभाग और अडानी स्किल्स एंड एजुकेशन के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। बापू भवन स्थित सचिवालय सभागार में आयोजित भव्य कार्यक्रम में श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर तथा राज्यमंत्री मनोहर लाल ‘मन्नू कोरी’ की गरिमामयी उपस्थिति में यह समझौता संपन्न हुआ। इस एमओयू पर निदेशक सेवायोजन नेहा प्रकाश और अडानी स्किल्स एंड एजुकेशन के सीईओ सुधान्वा किमाने ने हस्ताक्षर किए।
देश-विदेश में युवाओं को मिलेगा अवसर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को देश के साथ-साथ विदेशों में भी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि मिशन के तहत युवाओं के कौशल अंतराल की पहचान, भाषा प्रशिक्षण और रोजगारोन्मुखी ट्रेनिंग दी जा रही है। मंत्री ने जानकारी दी कि विभाग अब तक 6,004 निर्माण श्रमिकों को इजराइल भेज चुका है, जबकि 1,336 अन्य निर्माण श्रमिकों और 245 रेनोवेशन सेक्टर के श्रमिकों को भेजने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
डिफेंस कॉरिडोर और अडानी परियोजनाओं में मिलेंगे रोजगार
प्रमुख सचिव श्रम एवं सेवायोजन डॉ. एम.के. शन्मुगा सुन्दरम् ने इस समझौते को विभाग के लिए मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि इससे प्रदेश के युवाओं को उत्तर प्रदेश में संचालित अडानी समूह की विभिन्न परियोजनाओं जैसे डिफेंस कॉरिडोर और थर्मल पावर प्लांट में सीधे रोजगार मिलेगा।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 से अब तक विभाग 17 लाख से अधिक युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार दिला चुका है। इसके अलावा लखनऊ रोजगार महाकुंभ में 16,212 युवाओं, गोरखपुर इंटरनेशनल प्लेसमेंट में 279 और काशी सांसद रोजगार महाकुंभ के जरिए 8,054 युवाओं का चयन हुआ है। वहीं, ‘पिंक रोजगार मेले’ से 2,765 महिलाओं को नौकरियां मिली हैं, जिनमें से 79 महिलाओं का चयन विदेशी कंपनियों के लिए हुआ है।
इसे भी पढ़ें: दूसरे समुदाय के लड़के के साथ वीडियो वायरल होने से आहत छात्रा ने की खुदकुशी
34 लाख से अधिक युवाओं का करियर गाइडेंस
डॉ. शन्मुगा सुन्दरम् ने आगे कहा कि रोजगार के साथ-साथ युवाओं को सही दिशा दिखाना भी प्राथमिकता है। इसी के तहत 2017 से अब तक 34 लाख से अधिक अभ्यर्थियों को करियर काउंसिलिंग दी जा चुकी है।
निदेशक सेवायोजन नेहा प्रकाश ने कहा कि यह समझौता उद्योग और युवाओं के बीच एक मजबूत सेतु का काम करेगा। वहीं, अडानी स्किल्स के सीईओ सुधान्वा किमाने ने कहा कि उनका समूह युवाओं की रोजगारपरकता बढ़ाकर उन्हें आधुनिक उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप तैयार करेगा और अपनी परियोजनाओं में प्राथमिकता देगा।
रोजगार मिशन की प्रमुख उपलब्धियां (2017 से अब तक)
17 लाख+ युवाओं को निजी क्षेत्र में मिला रोजगार
34 लाख+ युवाओं की हुई करियर काउंसिलिंग
6,004 निर्माण श्रमिकों को इजराइल में मिला रोजगार
1,336 अतिरिक्त श्रमिकों को विदेश भेजने की प्रक्रिया जारी
245 रेनोवेशन सेक्टर के श्रमिक भी जल्द भेजे जाएंगे विदेश
अडानी ग्रुप की थर्मल पावर और डिफेंस परियोजनाओं में स्थानीय युवाओं को मिलेगी प्राथमिकता
इसे भी पढ़ें: राहुल गांधी के हमले पर जेपी नड्डा का करारा पलटवार, सिलेक्टिव राजनीति न करें, जारी है जांच
