सोनम वांगचुक पर आधारित नहीं था 3 इडियट्स का फुंसुक वांगडू: आमिर खान
मुंबई: बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान ने साल 2009 की अपनी कल्ट क्लासिक फिल्म “3 इडियट्स” के सबसे मशहूर किरदार ‘फुंसुक वांगडू’ को लेकर एक बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा किया है। अब तक फैंस और मीडिया में यह माना जाता था कि यह किरदार लद्दाख के मशहूर शिक्षाविद और क्लाइमेट एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक से प्रेरित था। हालांकि, आमिर खान ने अब साफ कर दिया है कि इस बात में कोई सच्चाई नहीं है और यह महज एक बहुत बड़ी गलतफहमी है।
राजू हिरानी और लेखक अभिजात जोशी भी नहीं जानते थे सोनम को
लंदन इंडियन फिल्म फेस्टिवल के दौरान जब दर्शकों में से एक शख्स ने आमिर से पूछा कि क्या वाकई फुंसुक वांगडू का रोल सोनम वांगचुक से प्रेरित था? इस पर जवाब देते हुए आमिर ने कहा, नहीं, असल में ऐसा बिल्कुल नहीं है। यह सिर्फ एक अफवाह और गलतफहमी है। जब इस फिल्म का निर्माण हो रहा था, तब हम में से किसी को भी सोनम वांगचुक के बारे में जानकारी नहीं थी।
सोनम वांगचुक पर आमिर ख़ान बोला है , भाई वक़्त बदल दिया जज़्बात बदल दिए 😳 pic.twitter.com/lk5OYNE2iX
— Gurpreet Garry Walia (@garrywalia_) July 17, 2026
आमिर ने आगे स्पष्ट करते हुए कहा, मैंने हाल ही में चतुर (ओमी वैद्य) का एक वीडियो देखा था जिसमें इस बात का जिक्र था। लेकिन मैं पूरी ईमानदारी से बताना चाहता हूं कि न तो निर्देशक राजकुमार हिरानी, न ही लेखक अभिजात जोशी और न ही मुझे सोनम वांगचुक के बारे में कोई अंदाजा था। इस विषय पर पहले कभी खुलकर बात नहीं हुई, इसलिए मैं स्पष्ट करना चाहता हूँ कि फुंसुक का किरदार उन पर आधारित नहीं है।
सोनम वांगचुक के भूख हड़ताल पर जताई चिंता
हालांकि, आमिर खान ने सोनम वांगचुक के समाज सुधारक कामों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा, सोनम वांगचुक जो भी काम कर रहे हैं, वह बेहद शानदार और काबिल-ए-तारीफ है। उनका सम्मान करने के लिए हमें इस बात की जरूरत नहीं होनी चाहिए कि हमारा कोई फिल्मी किरदार उन पर आधारित हो। हमारे दिल में उनके लिए बेहद सम्मान है।
जब अभिनेता से लद्दाख में सोनम वांगचुक की चल रही भूख हड़ताल और आंदोलन के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने गहरी चिंता व्यक्त की। आमिर ने कहा, हम सभी उनकी सेहत और जीवन को लेकर काफी चिंतित हैं। हमारी यही दुआ है कि जल्द ही सब कुछ ठीक हो जाए। हम चाहते हैं कि वे अपना उपवास खत्म करें और अपनी सेहत पर ध्यान दें।
इसे भी पढ़ें: साल 2050 तक दोगुने हो सकते हैं कैंसर के मामले, WHO की रिपोर्ट ने बढ़ाई चिंता
गौरतलब है कि राजकुमार हिरानी के निर्देशन में बनी “3 इडियट्स” भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे ब्लॉकबस्टर फिल्मों में शुमार है। फिल्म में आमिर खान के साथ आर. माधवन और शरमन जोशी मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे। वहीं करीना कपूर, बोमन ईरानी, ओमी वैद्य और मोना सिंह ने भी अपने किरदारों से गहरी छाप छोड़ी थी। दो अलग-अलग टाइमलाइन्स में चलने वाली यह कहानी एक इंजीनियरिंग कॉलेज के तीन दोस्तों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो शिक्षा व्यवस्था पर करारा प्रहार करती है।
इसे भी पढ़ें: E20 पेट्रोल विवाद पर कंज्यूमर फोरम का ऐतिहासिक फैसला, कार कंपनी और डीलर पर लगा तगड़ा हर्जाना
