राम मंदिर विवाद को चुनावी कुरुक्षेत्र बनाने की तैयारी में सपा, लखनऊ में लगे अखिलेश के पोस्टर
UP Election 2027: अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे और आभूषणों की कथित चोरी का मामला अब पूरी तरह राजनीतिक रंग ले चुका है। उत्तर प्रदेश में मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी ने इस संवेदनशील मुद्दे को साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों का सबसे बड़ा हथियार बनाने का मन बना लिया है। इसी कड़ी में लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय के बाहर एक बड़ा राजनीतिक पोस्टर लगाया गया है, जिसने सूबे की सियासत में गरमाहट ला दी है। इस पोस्टर में सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव को भगवान श्रीराम की मूर्ति के साथ दिखाया गया है और उस पर बड़े अक्षरों में लिखा है- 27 में आ रहे हैं अखिलेश।
बीजेपी राजनीति का अंत अयोध्या में ही होगा
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव इस मुद्दे को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) पर लगातार आक्रामक रुख अपनाए हुए हैं। बीजेपी सरकार को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने लिखा- अयोध्या अब महापापियों के लिए कुरुक्षेत्र साबित होगी। जिस अयोध्या से भाजपाई राजनीति का उदय हुआ था, अब यहीं पर इसका अंत भी निश्चित है। अखिलेश का आरोप है कि राम मंदिर में चढ़ावे, चंदे, दान और शिला की कथित चोरी की खबरों के बाद से देश भर से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में भारी गिरावट आई है। इस घटना से करोड़ों रामभक्तों की आस्था को गहरी ठेस पहुंची है।

सपा मुखिया ने इस विवाद के आर्थिक पहलुओं को उठाते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की कमी का सीधा और बुरा असर अयोध्या के स्थानीय व्यापारियों, दुकानदारों और आम जनता की कमाई पर पड़ा है। सरकार के कुप्रबंधन का खामियाजा वहां के निर्दोष नागरिक भुगत रहे हैं।
इसे भी पढ़ें: 21 जून को साल का सबसे बड़ा दिन, 14 घंटे तक रहेगा उजाला
उन्होंने दावा किया कि अयोध्या और उसके आस-पास के इलाकों में प्रशासन के खिलाफ भारी गुस्सा है। जांच के नाम पर स्थानीय लोगों और सेवादारों में इस कदर खौफ है कि लोग मंदिर जाने से भी कतरा रहे हैं कि कहीं उन्हें ही बलि का बकरा न बना दिया जाए। अखिलेश यादव ने मांग की है कि इस पूरे मामले की जांच कहां तक पहुंची है, इसकी रोजाना प्रेस ब्रीफिंग (डेली अपडेट) होनी चाहिए, क्योंकि भाजपा सरकार के कथित भ्रष्टाचार के ट्रैक रिकॉर्ड को देखते हुए जनता का सरकारी एसआईटी (SIT) पर रत्ती भर भी भरोसा नहीं रह गया है।
इसे भी पढ़ें: TMC पार्षद अनन्या बनर्जी के दफ्तर से आपत्तिजनक सामान बरामद
