गंगा स्नान के दौरान डूबे 12 श्रद्धालु, 5 की मौत, एक बच्ची लापता
Badaun News: उत्तर प्रदेश के बदायूं में ज्येष्ठ दशहरा के पावन अवसर पर अलग-अलग गंगा घाटों पर पुण्य स्नान के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। स्नान करते समय 12 श्रद्धालु गहरे पानी में डूब गए, जिसमें पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। कई घंटों तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद शवों को बरामद कर लिया गया, जबकि एक किशोरी अब भी लापता है। वहीं, छह श्रद्धालुओं को सकुशल बचा लिया गया। इस घटना के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया और जिलाधिकारी तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मौके पर पहुंचकर राहत और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
कछला घाट पर पहली घटना: पिता-पुत्र सहित दो परिवार डूबे
कछला गंगा घाट पर यह दर्दनाक घटना मुख्य स्नान घाट से करीब एक किलोमीटर दूर हुई। हाथरस जिले के सादाबाद थाना क्षेत्र के गांव कानू निवासी ओमवीर अपने रिश्तेदार नेत्रपाल (निवासी गांव पिछौता) के साथ गंगा स्नान करने आए थे। स्नान के दौरान ओमवीर का 16 वर्षीय पुत्र निलेश और नेत्रपाल की 17 वर्षीय पुत्री शिखा गहरे पानी में चले गए। उन्हें बचाने के प्रयास में ओमवीर, उनका बड़ा पुत्र सर्वेश और रिश्तेदार श्यामवीर की पत्नी वर्षा भी डूबने लगे।
मौके पर मौजूद गोताखोरों ने ओमवीर, सर्वेश और वर्षा को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि निलेश और शिखा पानी में लापता हो गए। काफी देर तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद पुलिस ने निलेश का शव बरामद कर लिया, लेकिन देर शाम तक शिखा का कोई सुराग नहीं लग सका। परिजन बेटी की सुरक्षित वापसी की उम्मीद में घाट पर डटे रहे।
अन्य घाटों पर भी त्रासदी: दो और युवकों की मौत
इसके अलावा हाथरस जिले के मुढ़सान निवासी 20 वर्षीय रोहित (पुत्र ननकेश) और बदायूं के सिरसा दबरई गांव निवासी राजकुमार (पुत्र भगवान दास) की भी स्नान के दौरान गंगा में डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने तीनों शव बरामद कर लिए, हालांकि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। सूत्रों के अनुसार, परिवार वाले परंपरागत रूप से बिना पोस्टमार्टम के अंतिम संस्कार कराने पर आमादा थे।
दूसरी घटना: अटैना घाट पर युवक डूबा, शव बरामद
दूसरी घटना उसहैत थाना क्षेत्र के अटैना घाट पर हुई, जहां मैनपुरी जिले के भोगांव थाना क्षेत्र के गांव हुसैनपुर निवासी 19 वर्षीय पिंटू (पुत्र संतराम) गंगा स्नान के दौरान डूब गए। पुलिस ने उनका शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
तीसरी घटना: कंपिल घाट पर अनुपम की मौत
फर्रुखाबाद जिले के कंपिल थाना क्षेत्र के गांव नुनैरा निवासी 18 वर्षीय अनुपम (पुत्र धर्मवीर) भी अपनी मामा के साथ स्नान करते समय गहरे पानी में समा गए। पुलिस ने उनका शव भी बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इसे भी पढ़ें: प्रधानमंत्री मोदी की पांच देशों की सफल यात्रा
छह श्रद्धालु बचाए गए, एक बच्ची लापता
वहीं, एटा जिले के जलेसर निवासी करन (पुत्र रामप्रकाश), फिरोजाबाद निवासी अभिषेक (पुत्र राजू), राजकुमार (पुत्र प्रेमशंकर), हाथरस के मुढ़सान निवासी ऋतिक (पुत्र भगवान सिंह) और कासगंज के नगरिया निवासी बंटू (पुत्र कुंवरपाल) को समय रहते सुरक्षित बचा लिया गया। हालांकि, लापता किशोरी शिखा की तलाश जारी है। प्रशासन ने अतिरिक्त गोताखोरों की टीमें तैनात कर दी हैं।
प्रशासन के इंतजामों पर उठ रहे सवाल
एक ही दिन में पांच श्रद्धालुओं की मौत और एक के लापता होने के बाद प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि घाटों पर पर्याप्त गोताखोर और लाइफ जैकेट उपलब्ध नहीं थे। हादसे के बाद डीएम अवनीश राय और एसएसपी अंकिता शर्मा ने कछला गंगा घाट पहुंचकर रेस्क्यू अभियान और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। अधिकारियों ने घटना पर दुख जताते हुए परिजनों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
इसे भी पढ़ें: पुलिस ने कुख्यात अपराधी आकाश सिंह को अंडरवियर में सड़क पर घुमाया
