स्पेसएक्स के रॉकेट इंजन से लैस हवा में कलाबाजियां दिखाती नजर आई टेस्ला रोडस्टर

Tesla Roadster

Tesla Roadster: टेक्ला के सीईओ एलन मस्क ने आखिरकार लंबे इंतजार को खत्म करते हुए दुनिया के सामने अपनी अगली पीढ़ी की सुपरकार रोडस्टर से पर्दा उठा दिया है। अमेरिका के टेक्सास स्थित स्पेसएक्स रॉकेट टेस्टिंग फैसिलिटी में हुए इस अनूठे लॉन्च इवेंट ने पूरी दुनिया को हैरान कर दिया है। कंपनी का दावा है कि यह टेस्ला की आखिरी मैनुअल (इंसान द्वारा चलाई जाने वाली) कार होगी। लॉन्च के दौरान इस दो-सीटर सुपरकार ने हवा में उड़कर और गुलाटी (फ्लिप) मारकर ऐसा कारनामा दिखाया, जिसे देखकर किसी साइंस फिक्शन फिल्म का अहसास होता है।

स्पेसएक्स के इंजीनियरों की मदद से तैयार किए गए एयर थ्रस्टर्स

टेस्ला का यह लॉन्च किसी आम वाहन की लॉन्चिंग जैसा बिल्कुल नहीं था। इस प्रोटोटाइप में दुनिया की सबसे ताकतवर रॉकेट बनाने वाली कंपनी ‘स्पेसएक्स’ के इंजीनियरों के साथ मिलकर खास एयर थ्रस्टर्स विकसित किए गए हैं। लॉन्चिंग के दौरान एक रैंप से यह कार हवा में इतनी ऊपर गई कि पूरी तरह उल्टी हो गई, और फिर एक नियंत्रित तरीके से फ्लिप करते हुए वापस जमीन पर सुरक्षित उतर आई। इतना ही नहीं, यह सुपरकार थ्रस्टर की ताकत से हवा में ही कई ट्रकों के ऊपर से छलांग लगाते हुए पार निकल गई। इस लाइवस्ट्रीम इवेंट ने ऑटोमोबाइल जगत में तहलका मचा दिया है।

इस सुपरकार के तकनीकी आंकड़े भी उतने ही रोमांचक हैं जितनी इसकी बनावट। कंपनी के अनुसार, यह इलेक्ट्रिक कार 1.0 सेकंड से भी कम समय में 0 से 60 मील (करीब 96 किलोमीटर) प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है। कार के नीचे दिए गए एक विशेष फैन सिस्टम की वजह से यह तीखे मोड़ों पर भी 2 g तक की जबरदस्त ग्रिप बनाए रखेगी। सिंगल चार्ज में इसकी रेंज 300 मील (लगभग 483 किलोमीटर) से अधिक होगी, जबकि इसकी टॉप स्पीड करीब 370 किलोमीटर प्रति घंटा (230 मील प्रति घंटा) तक आंकी गई है। इसका कमर्शियल प्रोडक्शन साल 2028 तक शुरू होने की योजना है। टेस्ला ने इस रोडस्टर को तीन अलग-अलग मोड्स में पेश किया है।

परफॉर्मेंस मोड: इसमें दो लोग बैठ सकते हैं और यह 1.6 सेकंड से भी कम में 0 से 60 मील प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ती है।

थ्रस्ट मोड: इसमें पीछे लगे कोल्ड-गैस थ्रस्टर और सक्शन सिस्टम की मदद से एक सेकंड से भी कम समय में 0 से 60 मील प्रति घंटे की स्पीड मिलती है।

रॉकेट मोड: इसमें केवल एक व्यक्ति के बैठने की क्षमता है। इस मोड मंघ चारों ओर लगे थ्रस्टर्स कार को आगे, ऊपर और अगल-बगल दिशा में गति देने के साथ घूमने में मदद करते हैं। इस मोड में कार हवा में उड़ने में सक्षम है और महज 0.59 सेकंड से भी कम समय में 0 से 60 मील प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ सकती है।

इसे भी पढ़ें: अभिजीत दिपके को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को Like व Twitter व Instagram पर Follow करना न भूलें...