सपा सांसद के सामने ही पार्टी विधायक ने सीएम योगी की तारीफ में पढ़े कसीदे, बोले- योजनाएं सराहनीय

SP MLA Om Prakash Singh

Ghazipur News: उत्तर प्रदेश की सियासत में इन दिनों एक नया मोड़ आ गया है। हमीरपुर सांसद के विवादित बयान के बाद अब समाजवादी पार्टी के एक विधायक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार की जमकर तारीफ की है। खास बात यह है कि यह तारीफ उन्होंने अपनी ही पार्टी के सांसद अफजाल अंसारी के सामने की है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।

दरअसल, गाजीपुर जिले के दिलदारनगर क्षेत्र स्थित एसकेबीएम कॉलेज में एक जीर्णोद्धार कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम में जमानिया विधानसभा क्षेत्र से सपा विधायक ओम प्रकाश सिंह और सपा सांसद अफजाल अंसारी भी पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान जब पत्रकारों ने विधायक से बातचीत की, तो उन्होंने अचानक योगी सरकार की योजनाओं की सराहना शुरू कर दी।

अलंकार योजना से पहले किसी ने नहीं किया ऐसा काम

सपा विधायक ओम प्रकाश सिंह ने कहा, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही अलंकार योजना बेहद सराहनीय है और शिक्षा संस्थानों के विकास के लिए यह एक बड़ा कदम है। इससे पहले कोई भी इस तरह का काम नहीं कर पाई है। उन्होंने आगे कहा, अलंकार योजना बहुत अच्छे तरीके से चलाई गई है। इस योजना की जितनी तारीफ की जाए, वह कम है। विधायक ने यह सब बातें उस समय कही, जब सपा सांसद अफजाल अंसारी उनके ठीक बगल में मौजूद थे। अंसारी के चेहरे के भावों को लेकर भी सोशल मीडिया पर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।

इसे भी पढ़ें: शुभेंदु अधिकारी के PA हत्याकांड का शूटर ठाकुर राज सिंह अयोध्या से गिरफ्तार

शिक्षा को लेकर पहले किसी सरकार ने नहीं सोचा

विधायक ओम प्रकाश सिंह ने आगे कहा कि शिक्षण संस्थाओं का समाज निर्माण में बहुत बड़ा योगदान होता है और किसी भी प्रदेश का भविष्य उसके विद्यालयों और महाविद्यालयों की स्थिति पर तय होता है। उन्होंने कहा कि पुराने शिक्षण संस्थानों के जीर्णोद्धार की दिशा में सरकार का काम स्वागत योग्य है।

सपा विधायक ने यह भी कहा, ग्रामीण क्षेत्रों के शिक्षण संस्थानों को बेहतर संसाधन मिलेंगे, तो वहां पढ़ने वाले छात्रों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिलेगा। शिक्षा को लेकर इससे पहले किसी भी सरकार ने सोचा नहीं था और न ही इसको लेकर किसी ने कोई पहल की थी। वर्तमान सरकार के प्रयासों से कई पुराने कॉलेजों और विद्यालयों की दिशा बदल गई है।

सोशल मीडिया पर वायरल, राजनीतिक गलियारों में चर्चा

विधायक के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। विपक्षी पार्टी के विधायक द्वारा सत्तारूढ़ सरकार की तारीफ किए जाने के मामले को लेकर राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि, अभी तक सपा की ओर से इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

इसे भी पढ़ें: PM मोदी ने 24 घंटे में दूसरी बार की तेल बचाने की अपील

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को Like व Twitter व Instagram पर Follow करना न भूलें...