छात्रा को नशीला पदार्थ खिलाकर किया दुष्कर्म, छात्र नेता समेत चार पर केस

padrauna student

Padrauna News: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के पडरौना शहर में एक बीएससी की छात्रा के साथ हुई दरिंदगी की वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके की सनसनी फैला दी है। आरोप है कि एक छात्र नेता ने उसे नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश किया, फिर एक लॉज में ले जाकर दुष्कर्म किया। जब पीड़िता को होश आया, तो वह नग्न अवस्था में थी और उसके शरीर पर चोटों के गहरे निशान मौजूद थे।

अश्लील वीडियो की धमकी से कई बार बनाया शिकार

पीड़िता के मुताबिक, घटना के बाद आरोपी ने उसे यह कहकर डराया कि उसके अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए जाएंगे। इस धमकी के दम पर आरोपी उसे कई बार अलग-अलग लॉज में ले गया और वहां बार-बार उसके साथ दुष्कर्म किया। यह दरिंदगी का सिलसिला यहीं नहीं रुका आरोपी उसे गोरखपुर भी ले गया, जहां भी उसने छात्रा के साथ जबरदस्ती की और अगली सुबह उसे पडरौना छोड़कर आया।

शादी का झांसा देकर टाला मामला

जब पीड़िता ने अपनी मां-पिता को पूरी आपबीती सुनाई, तो परिवार कोतवाली पहुंचा और उन्होंने शिकायत दी। पुलिस ने आरोपी छात्र नेता धवन जायसवाल को थाने बुला लिया। वहां आरोपी ने पीड़िता से शादी करने का आश्वासन देकर परिवार को बरगलाने की कोशिश की। यहां तक कि उसने कोर्ट मैरिज के लिए एडीएम कार्यालय में कागजी कार्रवाई भी कराई, जिससे लगा कि शायद अब सब ठीक हो जाएगा।

इसे भी पढ़ें: यूपी में मंत्रिमंडल विस्तार की तैयारी, महिला-दलित चेहरों को मिल सकती है जिम्मेदारी

लेकिन जब कागजी शादी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद छात्रा अपने पति के घर पहुंची, तो वहां उसके सपने चकनाचूर हो गए। आरोपी के माता-पिता और भाई ने उसे घर में घुसने नहीं दिया और दरवाजा बंद कर दिया। उन्होंने छात्रा को गालियां देते हुए घर से खदेड़ दिया। यह देखा देखी पूरे मोहल्ले में सन्नाटा पसर गया।

पुलिस ने छात्र नेता समेत चार पर दर्ज किया केस

अपमान और शोषण की इस पराकाष्ठा के बाद छात्रा ने 1090 महिला हेल्पलाइन पर फोन करके अपनी पीड़ा सुनाई। स्थानीय लोगों ने उसे समझाया और आखिरकार वह हिम्मत जुटाकर कोतवाली पहुंची और औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर छात्र नेता धवन जायसवाल सहित चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल, पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश जारी है।

इसे भी पढ़ें: भाजपा का बंगाल: सुनील बंसल की परिकल्पना और केके उपाध्याय की रणनीति

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...