Basti News: जमीन विवाद में महिला को पीटा, गहने और नकदी छीनने का आरोप

basti woman assaulted

Basti News: जनपद के थाना लालगंज अंतर्गत ग्राम चित्राखोर में भूमि विवाद को लेकर एक महिला के साथ मारपीट, अभद्रता और लूटपाट का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक (SP) को शिकायती पत्र सौंपकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई और अपने छीने गए जेवरात व नकदी वापस दिलाने की मांग की है।

पीड़िता लक्ष्मी (पत्नी काली चरन उर्फ पप्पू) के अनुसार, विवाद की जड़ उनकी बैनामाशुदा जमीन (गाटा संख्या 62) है। पीड़िता जब अपने परिवार के साथ दिल्ली में थी, तब गांव के ही सोनू, मोनू और अमित आदि ने उनकी जमीन पर करीब तीन फुट ऊंची नींव भर दी थी। जानकारी मिलने पर पीड़िता ने काम रुकवाया।

मामले में हस्तक्षेप करते हुए उपजिलाधिकारी (SDM) बस्ती और थानाध्यक्ष लालगंज के समक्ष 19 अप्रैल 2026 को एक सुलहनामा हुआ। इसके तहत पीड़िता को अपनी जमीन से अवैध नींव हटाकर मलबा लेना था, उसके बाद ही विपक्षी अपना अन्य निर्माण कार्य आगे बढ़ा सकते थे।

मारपीट और लूटपाट का आरोप

पीड़िता का आरोप है कि जब वह 20 अप्रैल 2026 को जेसीबी लेकर नींव हटवाने मौके पर पहुंची, तब विपक्षी पक्ष के मोनू, मंजू, सोनू की पत्नी और कृष्ण कुमार उर्फ कचालू ने उन पर हमला कर दिया। पीड़िता को लात-घूंसों से पीटा गया, बाल पकड़कर घसीटा गया और उनके कपड़े तक फाड़ दिए गए।

इसे भी पढ़ें: UP Board Result 2026: कल शाम चार बजे आएगा रिजल्ट

आरोप है कि हमलावरों ने पीड़िता के गले का मंगलसूत्र, कान की बाली और ब्लाउज में रखा पर्स (जिसमें 5,000 रुपये थे) छीन लिया। पीड़िता ने बताया कि शोर सुनकर ग्रामीणों ने बीच-बचाव किया और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पीड़िता को थाने ले जाया गया, लेकिन वहां कुछ देर बैठाने के बाद वापस भेज दिया गया। न्याय न मिलने पर अब महिला ने पुलिस अधीक्षक की चौखट पर न्याय की गुहार लगाई है। प्रकरण में पुलिस अधीक्षक ने जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।

इसे भी पढ़ें: पीएम मोदी पर आतंकवादी वाले बयान के विरोध में विश्व हिन्दू रक्षा परिषद का प्रदर्शन

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...