Basti News: दरोगा की बारात निकलने से पहले पहुंचा प्रेमी, मंडप में प्रेमिका से रचाई शादी
Basti News: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में एक शादी का ऐसा मामला सामने आया है जिसने सियासत से लेकर समाज तक में हलचल मचा दी है। एक युवती की शादी उत्तर प्रदेश पुलिस में तैनात दरोगा (सब इंस्पेक्टर) के साथ तय हुई थी, लेकिन शादी के दिन मंडप में वह दूल्हा नहीं बल्कि युवती का प्रेमी पहुँचा और उसने उसी विवाह वेदी पर उसके साथ सात फेरे ले लिए।
पूरा मामला बस्ती जिले के दुबौलिया थाना क्षेत्र का है। यहाँ रहने वाले जॉन मेजर उत्तर प्रदेश पुलिस में दरोगा हैं और उनकी पोस्टिंग लखनऊ में है। उनके पिता धर्मराज चौधरी उत्तराखंड के एक राजकीय इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य हैं। परिवार ने जॉन मेजर की शादी बस्ती कोतवाली क्षेत्र के एक गाँव की युवती से तय कर दी थी और 20 अप्रैल को विवाह होना था।
सोमवार को बारात निकलने की सारी तैयारियाँ पूरी थीं। कार्ड बाँटे जा चुके थे और मेहमान दरोगा के घर पहुँचने लगे थे। तभी सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे मेंहदावल थाना क्षेत्र के बड़ी पट्टी गाँव निवासी सर्वेश सिंह, जो एक प्रॉपर्टी डीलर है, दरोगा के घर पहुँचा। उसने दरोगा और उसके परिवार वालों को चौंकाते हुए बताया कि उसका दुल्हन बनने वाली युवती के साथ पिछले पाँच साल से प्रेम संबंध (अफेयर) है।

सर्वेश ने यह भी धमकी दी कि अगर यह शादी हुई तो वह युवती से अपने निजी संबंधों की तस्वीरें सार्वजनिक कर देगा। यह सुनते ही दरोगा के परिवार में हड़कंप मच गया। उन्होंने तुरंत युवती के घर फोन करके पूरी बात बताई और अपनी इज्जत का हवाला देते हुए बारात नहीं लाने की बात कहकर रिश्ता तोड़ दिया।
इसे भी पढ़ें: केरल के त्रिशूर में पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 8 लोगों की मौत
जब यह खबर दुल्हन पक्ष तक पहुँची तो वहाँ कोहराम मच गया। सारी तैयारियाँ अधूरी रह गईं और परिवार की इज्जत दाँव पर लग गई। ऐसे में प्रेमी सर्वेश सिंह ने मौके की नाजुकता को भाँपते हुए युवती के परिजनों से संपर्क किया और उन्हें शादी के लिए राजी कर लिया। उसी रात सर्वेश दूल्हा बनकर बारात लेकर पहुँचा और उसी मंडप में, जहाँ दरोगा के साथ शादी की तैयारी थी, उसने अपनी प्रेमिका के साथ सात फेरे ले लिए। दरोगा के पिता ने इस पूरे घटनाक्रम पर कहा कि समय रहते उन्हें सच्चाई पता चल गई, अन्यथा उनके बेटे की पूरी जिंदगी बर्बाद हो जाती।
इसे भी पढ़ें: मैक्रों ने मेलोनी को अजीब तरह से लगाया गले
