बृजभूषण सिंह की करीबी अनामिका सिंह के पति को बदमाशों ने मारी गोली, हालत गंभीर
Gonda News: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में सोमवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की जिला पंचायत सदस्य अनामिका सिंह के पति और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के करीबी सहयोगी भूपेंद्र सिंह को बाइक सवार दो बदमाशों ने गोली मार दी। यह हमला इतना भयानक था कि गोली लगने के बाद उनकी स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई।
यह घटना परसपुर थाना क्षेत्र के डेहरास गजराजपुरवा गाँव की है। भूपेंद्र सिंह रात करीब दस बजे एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए अपनी स्कॉर्पियो से जा रहे थे। तभी रास्ते में बाइक सवार दो बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी। गोली लगने के बाद उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई।

गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुँचे और उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहाँ प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, अब उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
इसे भी पढ़ें: दरोगा की बारात निकलने से पहले पहुंचा प्रेमी, मंडप में प्रेमिका से रचाई शादी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनीत जायसवाल मौके पर पहुँचे और पीड़ित परिवार से मिलकर घटना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए चार अलग-अलग टीमों का गठन कर दिया गया है। पुलिस का दावा है कि हमलावरों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस हमले के बाद पूरे गोंडा जिले में तनाव का माहौल है। भूपेंद्र सिंह का पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह से करीबी होने के कारण इस वारदात ने राजनीतिक गलियारों में भी हलचल मचा दी है।
इसे भी पढ़ें: केरल के त्रिशूर में पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 8 लोगों की मौत
