ममता सरकार पर जमकर बरसीं कंगना रनौत, बोलीं- 4 मई के बाद होगा इंसाफ
Sandesh Wahak Digital Desk: हिमाचल प्रदेश के मंडी से भाजपा सांसद कंगना रनौत रविवार को पश्चिम बंगाल के चुनावी रण में उतरीं। मुर्शिदाबाद जिले के कंडी शहर में एक भव्य रोड शो के दौरान उन्होंने ममता बनर्जी सरकार और विपक्षी गठबंधन पर तीखा हमला बोला। कंगना ने महिला आरक्षण संशोधन विधेयक के संसद में पारित न होने को देश की आधी आबादी के लिए काला दिन करार दिया।
रोड शो के दौरान कंगना रनौत ने टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी पर सीधा प्रहार करते हुए कहा, ममता बनर्जी ने पूरे देश की महिलाओं की पीठ में छुरा घोंपा है। उनकी मानसिकता महिला विरोधी है और वह केवल अपने जैसे लोगों को ही आगे बढ़ाती हैं। कंगना ने आरोप लगाया कि बंगाल में बेटियों की स्थिति त्रासदी बन गई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रशासन अपनी नाकामी छिपाने के लिए महिलाओं को रात 8 बजे के बाद घर से बाहर न निकलने की सलाह देता है।
इसे भी पढ़ें: उत्तर कोरिया का अस्तित्व की जंग से परमाणु शक्ति बनने तक का सफर
4 मई के बाद इंसाफ की चेतावनी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाषण का हवाला देते हुए कंगना ने टीएमसी के सिंडिकेट और गुंडों को सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा, अगर आप आत्मसमर्पण करना चाहते हैं, तो 29 अप्रैल से पहले नजदीकी थाने पहुँच जाएँ। 4 मई (नतीजों का दिन) के बाद इंसाफ होगा और मासूम जनता के साथ अन्याय करने वाले किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा।
सदन में महिला आरक्षण विधेयक गिरने पर अपनी नाराजगी साझा करते हुए कंगना ने कहा कि विपक्ष ने सारी हदें पार कर दी हैं। उन्होंने इसे विपक्षी दलों की संकीर्ण और महिला विरोधी सोच का जीवंत उदाहरण बताया और कहा कि आज पूरा महिला समाज इस अपमान से निराश है।
इसे भी पढ़ें: TCS नासिक में धर्मांतरण और यौन शोषण के 12 पीड़ित
