नाबालिग से 19 बार दुष्कर्म, आरोपी BJP सोशल मीडिया प्रभारी समेत 5 लोगों पर केस
Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के नजीराबाद थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। खुद को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का सोशल मीडिया प्रभारी बताने वाले युवक अनुभव उर्फ कृष्णा पांडे पर 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा के साथ लगातार दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। पीड़िता के बयान के मुताबिक, आरोपी ने एक साल के दौरान करीब 19 बार उसके साथ रेप किया।
पीड़िता का कहना है कि कृष्णा पांडे ने पहले सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती की, फिर शादी का झांसा देकर एक होटल में ले जाकर उसके साथ गलत काम किया। आरोपी ने छात्रा का अश्लील वीडियो भी बना लिया और फिर एक साल तक उसे इसी वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करता रहा। विरोध करने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी।
सबसे चौंकाने वाला पहलू यह है कि नाबालिग छात्रा को बालिग साबित करने के लिए आरोपी ने उसके आधार कार्ड में जन्मतिथि बदलकर फर्जीवाड़ा किया। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि होटल मैनेजर ने भी इसमें आरोपी का साथ दिया और उसे धमकाया।
इसे भी पढ़ें: इटली की PM और मेलानिया ट्रंप के बाद अब तुर्की पर आया दिल
जब छात्रा ने अपनी मां को पूरी घटना बताई, तो मां जब आरोपी के घर पहुंची, तो कथित तौर पर कृष्णा के पिता, भाई और चाचा ने परिवार को जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में बीजेपी शहर अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहा कि आरोपी को पहले ही पार्टी से निकाल दिया गया था और वह अब बीजेपी का सदस्य नहीं है।
पुलिस ने मुख्य आरोपी कृष्णा पांडे को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही, होटल मैनेजर समेत पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज और रजिस्टर जब्त कर जांच कर रही है।
इसे भी पढ़ें: बुराई करने वालों को जवाब देने में समय बर्बाद नहीं करना चाहिए
