भोंदू बाबा के बेटे को SIT ने हिरासत में लिया, पड़ोसी की दीवार फांदकर फिल्मी अंदाज में अंदर घुसी पुलिस
नाशिक: खुद को भोंदू बाबा बताने वाले और रेप के आरोपी स्वयंभू बाबा अशोक खरात के मामले में अब जांच का शिकंजा उनके परिवार तक पहुंच गया है। बुधवार शाम विशेष जांच दल (SIT) ने अशोक खरात के बेटे हर्षवर्धन खरात को हिरासत में ले लिया।
फिल्मी अंदाज में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई नासिक के कर्मयोगी नगर इलाके में स्थित ‘तृप्तबाला’ बंगले पर हुई। शुरुआत में SIT अधिकारियों को बंगले में प्रवेश नहीं दिया गया। लेकिन पुलिस ने हार नहीं मानी। अधिकारियों ने पड़ोस के घर की दीवार फांदकर फिल्मी अंदाज में अंदर प्रवेश किया और हर्षवर्धन को हिरासत में ले लिया।
पुलिस अकादमी में चल रही पूछताछ
हिरासत में लेने के तुरंत बाद पुलिस हर्षवर्धन को त्र्यंबकेश्वर रोड स्थित महाराष्ट्र पुलिस अकादमी कार्यालय ले गई। यहां उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, इस पूछताछ के जरिए अशोक खरात की संपत्ति और अन्य मामलों से जुड़े और भी कई खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

अब तक 10 FIR, 100 से अधिक शिकायतें
अशोक खरात के खिलाफ नासिक के सरकारवाड़ा पुलिस स्टेशन में अब तक कुल 10 FIR दर्ज हो चुकी हैं। इनमें से 8 मामले यौन उत्पीड़न या शोषण से जुड़े हैं। 2 मामले धोखाधड़ी के दर्ज किए गए हैं।
वहीं, SIT के पास अब तक फोन के जरिए खरात के खिलाफ 100 से अधिक शिकायतें प्राप्त हो चुकी हैं। यानी अभी और भी कई पीड़िता सामने आ सकती हैं।

फरार पत्नी की भी तलाश
SIT ने अब सिर्फ हर्षवर्धन खरात से ही पूछताछ नहीं की जा रही है, बल्कि अशोक खरात की फरार पत्नी की तलाश में भी छापेमारी की जा रही है। पुलिस को शक है कि खरात के खिलाफ दर्ज मामलों और उसकी गतिविधियों के बारे में परिवार के अन्य सदस्यों को भी पक्की जानकारी हो सकती है।
इसे भी पढ़ें: रेप के आरोपी अशोक खरात पर कांग्रेस नेता वडेट्टीवार का बड़ा हमला
अब SIT की निगाहें अशोक खरात के परिवार के अन्य सदस्यों पर भी हैं। जांच एजेंसी को उम्मीद है कि हर्षवर्धन और बाकी परिवार के सदस्यों से पूछताछ से खरात के गैंग और उसके पूरे नेटवर्क के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां मिल सकती हैं।
यह मामला अब एक साधारण आरोप से बढ़कर बड़े नेटवर्क और पारिवारिक साजिश तक पहुंचता दिख रहा है। फिलहाल, पुलिस की पूछताछ जारी है और आने वाले दिनों में और भी कई खुलासे होने की उम्मीद है।
इसे भी पढ़ें: अशोक खरात पर रेप का 8वां केस दर्ज, 100 से ज्यादा पीड़िताओं ने हेल्पलाइन पर खोली पोल
