बेखौफ बदमाशों ने बीच चौराहे पर युवक को दौड़ाकर मारी गोली

रायबरेली। उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई के बावजूद भी बदमाशों में पुलिस का कोई खौफ दिख नहीं रहा है। दो दिन पहले जहां राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर क्षेत्र में मऊ के पूर्व ब्लाक प्रमुख अजीत सिंह की देर शाम गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, वहीं अब रायबरेली में भी बदमाशों ने युवक की गोली मारकर हत्या कर दी है। इतना ही नहीं गोमतीनगर की घटना की तरह इस वारदात में बदमाशों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए फरार हो गए हैं। मामला रायबरेली शहर कोतवाली क्षेत्र का है। यहां कहारों के अड्डे के निकट बदमाशों ने एक युवक को दौड़ाकर गोली मार दी। चौराहे पर मौजूद लोगों ने आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों को जानकारी मिलने के बाद अस्पताल में सैकड़ों की संख्या में लोग इकट्ठा हो गए जिन्हें हटाने के लिए पुलिस बल बुलानी पड़ गई।

जानकारी के अनुसार शहर कोतवाली क्षेत्र के कहारों के अड्डे का रहने वाला मोहम्मद मूसा चौराहे की एक दुकान पर चाय पी रहा था। इसी दौरान कुछ अज्ञात बदमाश यहां आए और दौड़ाकर मूसा को गोली मार दी। गोली लगते ही मूसा जमीन पर गिरकर तड़पने लगा, उधर गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़ पड़े। लेकिन बदमाश लोगों के पहुंचने से पहले मौके से भाग निकले। लोगों ने आनन-फानन में मूसा को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

इसे भी पढ़ें: शराब पीने से 4 लोगों की मौत, कई की हालत गंभीर, थाना प्रभारी सहित तीन पुलिसकर्मी सस्पेंड

घटना की जानकारी मिलते ही मूसा के परिजन व समर्थक सैकड़ों की संख्या में अस्पताल पहुंच गए। बढ़ती भीड़ और लोगों के आक्रोश को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी नगर डॉक्टर अंजनी कुमार चतुर्वेदी, शहर कोतवाल सहित बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स अस्पताल पहुंच गई और लोगों को समझा-बुझा कर शांत कराया। वहीं लोगों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए नगर मजिस्ट्रेट युगराज सिंह व उप जिलाधिकारी अंशिका सिंह भी मौके पर पहुंच गईं। अधिकारियों ने मृतक के भाई को संत्वना देते हुए आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया। जबकि आक्रोशित युवक ने खुलेआम कानून को चुनौती देते हुए कहा कि हमें कोई कार्रवाई नहीं चाहिए। हम खुद इसका बदला लेंगे। अधिकारियों ने क्षेत्र में कोई और अनहोनी की घटना न हो जाए इसके लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी है।

इसे भी पढ़ें: बदायूं गैंगरेप और हत्या का मुख्य आरोपी पुजारी गिरफ्तार, पुलिस ने घोषित किया था 50 हजार का इनाम

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...