भाजपा सरकार का रवैया तानाशाहीपूर्ण: अखिलेश यादव!

12-1

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार ईमानदार होनी चाहिए। भाषा और व्यवहार उचित होना चाहिए। लेकिन भाजपा सरकार का रवैया तानाशाहीपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि पीडीए की एकजुटता और बढ़ती ताकत से भाजपा डरी हुई है। पीडीए बड़ी ताकत है। जनता भाजपा को हटाने के लिए तैयार है। बीजेपी को सावधानी के साथ सत्ता से बाहर करना है। उसके किसी उकसावे में नहीं आना है।

भाजपा धोखेबाज पार्टी हैः अखिलेश
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा धोखेबाज पार्टी है। भाजपा जनता को पिछले एक दशक से छल रही है। विपक्षी दलों और मतदाताओं के साथ दुश्मनों जैसा बर्ताव करती है। भाजपा किसी की सगी नहीं है वह अपनों को भी धोखा देने से बाज नहीं आती है। अखिलेश ने कहा कि भाजपा हटाओ, सपा की सरकार बनाओ तभी अन्याय, अत्याचार और गैरबराबरी समाप्त होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की केन्द्र और प्रदेश सरकार ने दोषपूर्ण जीएसटी के द्वारा दस सालों से महंगाई बढ़ाकर जनता को लूट रही है। लोगों की जेब काटी जा रही है। गरीब, किसान मध्यम वर्ग सभी को तबाह कर दिया। बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी से भाजपा को लेकर जनता में भारी आक्रोश है।

‘भाजपा ने पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंचाया’
सपा प्रमुख ने कहा, भाजपा सरकार ने जनता के साथ बेईमानी की है। भारी टैक्स लगाकर सरकार जनता से वसूली करती रही। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंचाया है। नदियों की सफाई नहीं हुई।

पेड़ों की अंधाधुंध कटान और पहाड़ी राज्यों में अनियोजित कार्यों से तबाही के हालात पैदा हो गये है। डॉ. राममनोहर लोहिया ने हिमालय बचाओ अभियान शुरू किया था। उसी नीति पर चलकर इन राज्यों को बचाया जा सकता है। यादव ने कहा कि भाजपा सरकार झूठी है। अर्थव्यवस्था को लेकर झूठे दावे करती है। सरकार बताए कि लोगों की प्रति व्यक्ति आय क्या है। अगर सब कुछ अच्छा है तो कई करोड़ लोगों को मुफ्त राशन क्यों देना पड़ रहा है।

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...