लखनऊ: देश और राजनीति से भ्रष्टाचार व बेईमानी को खत्म करने और जनता को नया विकल्प देने का उद्देश्य लेकर मैदान में उतरी लोग पार्टी का प्रत्याशी सम्मेलन मंगलवार को गोमतीनगर लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में हुआ। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व भारत सरकार के सचिव रह चुके विजय शंकर पाण्डेय उपस्थित रहे। सम्मेलन की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष एनएन सिंह व संचालन संगठन महामंत्री पंकज दुबे व राष्ट्रीय महासचिव राघवेन्द्र शुक्ला ने की।

प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आये प्रत्याशियों व पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि आगामी विधान सभा चुनाव के लिए सभी कार्यकर्ता पूरे तन-मन-धन से जुट जाएं। आज देश में जितने भी राजनीतिक दल और नेता सक्रिय हैं, जनता उनसे ऊब चुकी हैं। क्योंकि आजादी के इतने वर्षों बाद भी यदि बीमारों को सही उपचार, बच्चों को अच्छी शिक्षा, राहगीरों को अच्छी सड़कें, पीड़ितों को न्याय नहीं मिल रहा है तो इसके लिए यही नेता और राजनीतिक दल जिम्मेदार हैं।

UP assembly elections

धर्म-जाति, मजहब और क्षेत्र के नाम पर राजनीति करने वाले इन दलों को देश, समाज व जनता की समस्याओं से कोई लेना-देना नहीं है। लेकन मजबूरी में जनता हर बार अदल-बदल कर इन्हीं बेईमान, अपराधी और भ्रष्टाचारी लोगों को वोट देकर सत्ता सौंप देती है। यह राजनीतिक दल चुनाव के समय लोगों को पैसा, दारू का लालच और डरा-धमका वोट हासिल करते हैं और फिर अगले पांच साल तक उनका शोषण करते हैं।

इसे भी पढ़ें: अखिलेश को सताया यह डर, चुनाव आयोग को दी चेतावनी

हमें जनता के बीच जाकर राजनीति की इसी गंदगी को बेपर्दा करना है और लोगों का भरोसा जीतना है कि यह स्थिति बदली जा सकती है। उन्हें सम्मानजनक और सुविधा संपन्न जीवन यापन पूरा अधिकार है। हमारी लड़ाई ठीक वैसी है, जैसी राम की रावण से थी। क्योंकि रावण सभी तरह की सुविधाओं से युक्त था और राम वनवासी थे। लेकिन इसके बावजूद राम ने सच्चाई और सत्य के मार्ग पर चलते अपनी वानर सेना के बल पर खुद को सर्व शक्तिमान समझने वाले आततायी, अत्याचारी रावण का अंत कर दिया।

सम्मेलन में संगठन महामंत्री पंकज दुबे ने कहा कि आप सभी को अपने-अपने क्षेत्र में पूरी मेहनत से जुटना है और लोगों को आज के राजनीतिक दलों व नेताओं की सच्चाई बतानी है। सम्मेलन में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एनएसन सिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मशूदुल हसन, राष्ट्रीय महासचिव राघवेन्द्र शुक्ला ने भी अपने विचार रखे। इस मौके पर पार्टी के दर्जनों प्रत्याशियों सहित पार्टी के सभी पदाधिकारी मौजूद रहे।

इसे भी पढ़ें: परिवार को धमका रहे नाती के हत्यारे, बाबा ने एसपी से लगाई गुहार

Spread the news