सुल्तानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर ट्रेलर ने श्रद्धालुओं से भरी कार को मारी टक्कर, चार की मौत
Sultanpur Lucknow Expressway Accident: कैंची धाम दर्शन के लिए जा रहे चार श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई है। बाराबंकी के हैदरगढ़ थाना क्षेत्र के भिखरा गांव के पास सुल्तानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर सोमवार-मंगलवार की मध्यरात्रि करीब 2 बजे यह भयानक सड़क दुर्घटना घटी। तेज रफ्तार इनोवा कार ने सुल्तानपुर से लखनऊ की ओर जा रहे एक ट्रेलर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि इनोवा कार का अगला पूरा हिस्सा बुरी तरह चकनाचूर हो गया और उसमें सवार सात श्रद्धालु गंभीर रूप से फंस गए।
चार की मौके पर ही मौत, तीन घायल, पहचान हुई जारी
हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मृतकों की पहचान कर ली है। मृतकों में राहुल कुमार (पुत्र संजय कुमार, निवासी मुगलसराय, जनपद चंदौली), राहुल सिंह (पुत्र अजय प्रताप सिंह, निवासी गैबीपुर, जनपद गाजीपुर), सत्यम सिंह (पुत्र स्वर्गीय तेज प्रताप सिंह, निवासी रामपुर रसड़ा, जनपद बलिया) और सूरज मिश्रा (निवासी निकसपुर, थाना सुल्तानपुर) शामिल हैं।
वहीं, गंभीर रूप से घायल तीन व्यक्तियों की पहचान पंकज (पुत्र रमेश सिंह, निवासी चुनार, मिर्जापुर), प्रशांत (पुत्र अवध बिहारी, निवासी बेला, बलिया) और चंदन सिंह (पुत्र दशरथ सिंह, निवासी चुनार, मिर्जापुर) के रूप में हुई है।
इसे भी पढ़ें: TMC की वरिष्ठ सांसद काकोली घोष ने छह विधायकों संग बदला पाला
तेज रफ्तार हादसे का मुख्य कारण, केजीएमयू रेफर किए गए घायल
हादसे के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैदरगढ़ पहुंचाया। लेकिन घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें लखनऊ के केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ट्रेलर चालक की तलाश की जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही हैदरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दर्दनाक हादसे से मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है। वहीं, ट्रेलर चालक की तलाश के लिए पुलिस टीमें छापेमारी कर रही हैं। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इसे भी पढ़ें: खूबसूरत लड़की को चेन से बांधकर ले जा रहा हैवीवेट लड़का
