आरोपी की कार में बैठकर थाने पहुंचे वाल्टरगंज के नवागत थानेदार, वीडियो वायरल होते ही गिरी गाज

UP Police Promotion

Basti News: उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में एक नवागत थानेदार को चार्ज संभालने के महज एक दिन के भीतर ही लाइन हाजिर कर दिया गया। मामला सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो से जुड़ा है, जिसमें वाल्टरगंज के नवागत प्रभारी निरीक्षक सभापति सिंह कथित तौर पर एक ऐसी कार में बैठे नजर आ रहे हैं, जिसके मालिक के खिलाफ संबंधित थाने में मुकदमा दर्ज होने का दावा किया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की निष्पक्षता पर सवाल उठने लगे। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने तत्काल कार्रवाई की और जांच के आदेश दिए।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को कोतवाली क्षेत्र के संत गाडगे तिराहे के पास का बताया जा रहा है। इसमें कथित तौर पर नवागत प्रभारी निरीक्षक सभापति सिंह एक कार में बैठे दिखाई दे रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि कार के मालिक के खिलाफ संबंधित थाने में मुकदमा दर्ज है और उससे जुड़े एक मामले की शिकायत पर जांच भी चल रही है।

वीडियो को लेकर यह भी दावा किया जा रहा है कि कार में आगे की तरफ पुलिस की टोपी रखी हुई थी और उस पर ब्लैक फिल्म लगी थी। हालांकि, वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। इन आरोपों के सामने आने के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और निष्पक्षता को लेकर सवाल उठने लगे।

चार्ज मिलने के अगले दिन ही एसपी ने की कार्रवाई

दरअसल, गुरुवार को बस्ती जिले के 12 थानों में नए प्रभारी निरीक्षकों की तैनाती की गई थी। इसी फेरबदल के तहत सभापति सिंह को वाल्टरगंज थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। लेकिन तैनाती के तुरंत बाद ही वायरल वीडियो और उससे जुड़े आरोपों ने मामला तूल पकड़ लिया।

इसे भी पढ़ें: नरगिस को इंस्टाग्राम पर आकाश से हुआ प्यार

एसपी ओमवीर सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एएसपी और सीओ स्तर के अधिकारियों से जांच शुरू कराई। जांच के बीच ही सभापति सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया। पुलिस कप्तान की इस कार्रवाई को विभाग में जवाबदेही और निष्पक्षता बनाए रखने के संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।

सभापति सिंह को लाइन हाजिर किए जाने के साथ ही जिले के थानों में नई तैनातियां भी की गई हैं। इसके तहत मुंडेरवा के थानाध्यक्ष विश्वमोहन राय को वाल्टरगंज थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

वहीं, निरीक्षक रामकृपाल शुक्ल को पुलिस लाइन से मुंडेरवा का नया एसएचओ बनाया गया है। निरीक्षक संतोष तिवारी को पुलिस लाइन से कलवारी थाने का प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा निरीक्षक सतीश सिंह को पुलिस लाइन से एसपी का पीआरओ बनाया गया है।

इसे भी पढ़ें: चंद्रशेखर आजाद पर रेप के आरोप में दर्ज होगा मामला

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को Like व Twitter व Instagram पर Follow करना न भूलें...