पाकिस्तानी वेब सीरीज के भारत में रिलीज विवाद पर भड़कीं पूनम पांडे, कला की आड़ में दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप
Entertainment News: पाकिस्तान की पहली नेटफ्लिक्स ओरिजिनल सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ को लेकर देश में विरोध तेज हो गया है। आम लोगों के साथ-साथ फिल्म और टीवी जगत से जुड़े लोग भी इसका विरोध कर रहे हैं। इसी सिलसिले में एक्ट्रेस पूनम पांडे ने आईएएनएस को दिए इंटरव्यू में इस सीरीज के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की और पाकिस्तानी कलाकारों के दोहरे रवैये पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान से जुड़े कंटेंट को वहीं दिखाया जाना चाहिए।
पूनम पांडे ने बातचीत में कहा कि पाकिस्तान में टैलेंटेड आर्टिस्ट जरूर हैं, लेकिन तनाव या युद्ध के समय उनमें से कई लोगों ने भारत के खिलाफ बयानबाजी की थी। उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि जब हालात बिगड़ते हैं तो भारत के बारे में भला-बुरा कहा जाता है, लेकिन जब अपना काम या प्लेटफॉर्म चाहिए होता है तो अचानक प्यार उमड़ने लगता है। पूनम ने कहा कि उन्हें ऐसे लोगों की बातें समझ नहीं आतीं, जो अपने पुराने बयानों पर कायम नहीं रह पाते। उन्होंने सवाल किया कि जिन्हें भारत से दिक्कत है, उन्हें अब भारतीय दर्शकों या यहां के नेटफ्लिक्स की जरूरत क्यों पड़ रही है।

पूनम पांडे का मानना है कि पाकिस्तानी एक्टर्स कला के नाम पर अलग-अलग मौकों पर अलग-अलग सुर अपनाते हैं। उन्होंने कहा कि जिन कलाकारों ने तनाव के दौर में आपत्तिजनक बातें और भाषा का इस्तेमाल किया, आज उन्हें यहां के प्लेटफॉर्म की याद आ रही है। एक्ट्रेस ने दो टूक कहा कि वे अपना कंटेंट और प्लेटफॉर्म अपने ही देश में चलाएं।
इसे भी पढ़ें: अपराध पत्रकारिता में संवेदनशीलता और जवाबदेही जरूरी : प्रो. वर्तिका नंदा
गौरतलब है कि वेब सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ 4 दिसंबर को दुनिया भर में रिलीज होने जा रही है, लेकिन भारत में इसके प्रसारण पर रोक लगा दी गई है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को 8 मई 2025 को जारी एडवाइजरी के तहत पाकिस्तान में निर्मित किसी भी कंटेंट को भारत में स्ट्रीम न करने का आदेश दिया है।
इसे भी पढ़ें: महिला आरक्षण पर मोदी सरकार का बड़ा दांव
