नई दिल्ली। कोरोना के दूसरी लहर की खबर और कमजोर ग्लोबल संकेतों के चलते बाजार ने आज गोता लगाया। बाजार करीब एक महीने के निचले स्तर पर बंद हुआ। सेंसेक्स 871.13 अंकों की गिरावट के साथ 49,180.31 के स्तर पर बंद हुआ जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 265.35 अंक की गिरावट के साथ 14,549.40 के स्तर पर बंद हुआ। इस गिरावट के चलते निवेशकों के करोड़ों रूपये डूब गये।
ओएनजीसी में रही सबसे ज्यादा गिरावट
बाजार खुलने के साथ ही सेंसेक्स और निफ्टी में जबरदस्त गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्स में सबसे अधिक दो प्रतिशत की गिरावट ओेएनजीसी में हुई। एसबीआई, आईसीआईसीआई बैंक, इंडसइंड बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज और इंफोसिस के शेयर लाल निशान में बंद हुए जबकि एशियन पेंट्स, डॉ रेड्डीज, पॉवरग्रिड और सन फार्मा के शेयर हरे निशान में बंद हुए। सेंसेक्स के 30 मे से 28 शेयरों में गिरावट आई है। निफ्टी बैंक के सभी 12 शेयरों में बिकवाली रही। ऑटो के गिरावट वाले शेयरों में महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाटा मोटर्स, भारत फोर्ज, बॉश, एक्साइड, आयशर मोटर्स, अमारा राजा बैटरी, मारुति, बजाज ऑटो के शेयर रहे। बताते चले कि पिछले कारोबारी दिन शेयर बाजार हरे निशान पर खुला था। सेंसेक्स 151.50 अंकों की बढ़त के साथ 49922.79 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 46.40 अंक ऊपर 14782.80 के स्तर पर खुला था।
नोट:अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को Like व Twitter व Instagram पर Follow करना न भूलें...