मुफ्ती अनस सईद से शादी और फिल्म इंडस्ट्री छोड़ने पर सना खान का बड़ा खुलासा

sana khan

Newschuski Digital Desk: 2020 में जब मशहूर अभिनेत्री सना खान ने अपने करियर के शिखर पर रहते हुए ग्लैमर की दुनिया को अलविदा कहा था, तो हर कोई हैरान रह गया था। ‘बिग बॉस’, ‘जय हो’ और ‘स्पेशल ऑप्स’ जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स का हिस्सा रहीं सना ने अचानक इंसानियत और मजहब की राह चुनने का फैसला किया। अब सालों बाद, सना ने अपनी निजी जिंदगी, अपनी ‘सीक्रेट’ शादी और अपने पति मुफ्ती अनस सईद पर लगने वाले आरोपों पर चुप्पी तोड़ी है।

मेहंदी लगने तक किसी को नहीं पता था दूल्हे का नाम

सना खान ने अपनी शादी की यादें साझा करते हुए बताया कि उनका निकाह पूरी तरह से गुप्त रखा गया था। सना के मुताबिक, जब उनकी शादी तय हुई तो इसकी खबर उनके माता-पिता के अलावा किसी को नहीं थी। हद तो यह थी कि रिश्तेदारों को दूल्हे का नाम तक नहीं पता था।

सना ने बताया, जब मेहंदी लग रही थी, तो आर्टिस्ट ने मुझसे दूल्हे का नाम पूछा। मैंने उससे कहा कि अभी वह जगह खाली ही रहने दो। यहां तक कि जब उनके कजिन्स ने पहली बार अनस को मस्जिद में देखा, तब उन्हें अहसास हुआ कि सना का निकाह मुफ्ती अनस सईद से हो रहा है। शादी के बाद सोशल मीडिया पर अक्सर यह कहा गया कि मुफ्ती अनस ने सना का ब्रेनवॉश किया और उन्हें इंडस्ट्री छोड़ने पर मजबूर किया। इन दावों को सना ने सिरे से खारिज कर दिया है।

sana khan

सना ने कहा, कोई किसी का ब्रेनवॉश नहीं कर सकता। उस वक्त मैं खुद को बदल रही थी और सुकून की तलाश में थी। यह बदलाव मेरी अपनी चाहत थी, मेरे पति ने तो बस मुझे सही रास्ता दिखाया। उन्होंने आगे कहा कि शौहरत और पैसा मिलने के बाद भी इंसान के दिल में एक खालीपन रहता है, जिसे उन्होंने अध्यात्म के जरिए भरा।

इसे भी पढ़ें: मिलिए स्पेन की बहादुर और खूबसूरत राजकुमारी से

शादी के खर्च पर भी दी सफाई

सना ने अपनी सादगी भरी शादी के बारे में बताते हुए कहा कि वे चाहती थीं कि सब कुछ शांति से पूरा हो। उन्होंने यह भी साफ किया कि शादी के ज्यादातर खर्च उनके पति ने ही उठाए थे। सना के अनुसार, मैंने सिर्फ अपनी मेहंदी का खर्च उठाया था, बाकी निकाह से लेकर रिसेप्शन और परिवार के ठहरने तक का सारा इंतजाम अनस ने ही संभाला था।

सना खान का यह बयान उन सभी अटकलों पर विराम लगाता है जो उनकी अचानक बदली हुई जिंदगी को लेकर लगाई जा रही थीं। आज सना अपनी शादीशुदा जिंदगी में खुश हैं और एक बेटा तारिक जमील भी उनकी खुशियों का हिस्सा है।

इसे भी पढ़ें: कौन हैं सीमा आनंद! 15 साल के लड़के वाले बयान पर इंटरनेट पर छिड़ी बहस

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...