पूर्वांचल समाज और सनातन संस्कृति के मान-सम्मान के लिए एकजुट हुआ पानीपत, निकाला शांतिपूर्ण मार्च
पानीपत: हरियाणा के औद्योगिक शहर पानीपत में पूर्वांचल समाज के सम्मान और जनसेवा की भावना से ओत-प्रोत एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान समाज के अधिकारों, सांस्कृतिक मान-सम्मान और बुनियादी रेल सुविधाओं को लेकर हजारों नागरिकों और प्रबुद्ध जनों ने एकजुटता दिखाई।
पूर्वांचल समाज की सुलभ यात्रा का ध्यान रखे सरकार: मधु शुक्ला
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद प्रसिद्ध अभिनेत्री और भाजपा नेत्री मधु शुक्ला ने अपने संबोधन से सभी का दिल जीत लिया। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल का कर्मठ और मेहनतकश समाज पानीपत की प्रगति का मुख्य आधार है। जब ये परिवार अपने घर-परिवार से मिलने के लिए यात्रा करते हैं, तो इन्हें सुलभ व सुगम रेल सेवा मिलना बेहद आवश्यक है। उन्होंने सरकार से विनम्र अपील की कि इस समाज की व्यावहारिक जरूरतों पर प्राथमिकता से ध्यान दिया जाए।

श्री गुरु शिवाधर दुबे ट्रस्ट के संस्थापक एवं सचिव, स्वामी श्री गुरु शिवाधर दुबे महाराज ने कहा कि उनके ट्रस्ट का एकमात्र उद्देश्य बेसहारा, असहाय और उपेक्षित लोगों की निःस्वार्थ सेवा करना है। उन्होंने कहा, हमारी सरकार से बस इतनी ही नम्र विनती है कि वह श्रद्धालुओं और आम जनता की बुनियादी रेल सुविधाओं की मांग को स्वीकार करे। यह प्रार्थना ईश्वर और सरकार में अटूट विश्वास रखने वाले हर नागरिक की है।
शहीदी स्मारक से निकाला शांतिपूर्ण मार्च, रखीं 6 प्रमुख मांगें
शासन तक अपनी आवाज पहुंचाने के लिए पूर्वांचल समाज के लोगों ने सुबह लघु सचिवालय स्थित शहीदी स्मारक पहुंचकर अमर शहीदों को नमन किया। इसके बाद अनुशासित व शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को रेलवे प्रशासन और सरकार के समक्ष रखा। पूर्वांचल समाज के जिला प्रधान उमाशंकर जी, मनोनीत पार्षद डॉ. गौरव श्रीवास्तव जी और अन्य वरिष्ठ समाजसेवियों ने सरकार से निम्नलिखित 6 प्रमुख सुविधाएं- गरीब रथ ट्रेन का पानीपत जंक्शन पर ठहराव दिया जाए। छठ पूजा और अन्य प्रमुख त्योहारों पर विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाए। पुरुषोत्तम एक्सप्रेस का संचालन पानीपत से हो तथा शहीद एक्सप्रेस को पानीपत के रास्ते चलाया जाए। पानीपत से सीधे बिहार के लिए कम से कम 2 नई ट्रेनों की शुरुआत की जाए। दिल्ली से कटरा के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस का पानीपत में ठहराव सुनिश्चित किया जाए की मांग की गई।

स्वामी शिवाधर दुबे महाराज और मधु शुक्ला की संयुक्त अपील के बाद अब पूरा समाज उम्मीद जता रहा है कि संवेदनशील सरकार जनता की इन जायज मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए पूर्वांचल समाज को राहत प्रदान करेगी।
इसे भी पढ़ें: प्यार के लिए मेहताब बनी ममता, परिजनों की मर्जी के खिलाफ जागेशपुरी संग रचाई शादी
