अब बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट वाले वाहनों की नहीं होगी प्रदूषण जांच, दो करोड़ वाहन राडार पर
Lucknow News: उत्तर प्रदेश में 15 अप्रैल से एक बड़ा बदलाव होने जा रहा है। बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट (HSRP) वाले वाहनों की प्रदूषण जांच नहीं होगी। यानी अगर आपने अब तक अपने वाहन पर यह नंबर प्लेट नहीं लगवाई है, तो आपको परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
हैरान करने वाली बात यह है कि प्रदेश में अभी भी लगभग दो करोड़ वाहनों में यह नंबर प्लेट नहीं लगी है। प्रदेश में 1 अप्रैल 2019 से पंजीकृत होने वाले सभी वाहनों में HSRP लगना अनिवार्य है। इससे पहले पंजीकृत तीन करोड़ से अधिक वाहनों के लिए भी यह अनिवार्य किया गया था।
परिवहन विभाग ने कई बार अभियान चलाकर लोगों को नंबर प्लेट लगवाने के लिए प्रेरित किया। बिना HSRP वाले वाहनों के चालान भी हुए, फिर भी लगभग दो करोड़ वाहन अब तक इससे वंचित हैं। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकांश दोपहिया वाहनों में यह नंबर प्लेट नहीं लगी है।
बिना HSRP नहीं मिलेगा प्रदूषण प्रमाणपत्र
अपर परिवहन आयुक्त राजस्व राजेंद्र विश्वकर्मा ने बताया कि परिवहन विभाग ने नेशनल इंफार्मेटिक्स सेंटर (NIC) के माध्यम से प्रदूषण जांच पोर्टल में ऐसी तकनीकी व्यवस्था की है कि 15 अप्रैल से पोर्टल प्रदूषण प्रमाणपत्र तभी जारी करेगा, जब वाहन में HSRP लगा होगा।
क्या है HSRP
HSRP यानी हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट एक सुरक्षित नंबर प्लेट है, जो एल्युमीनियम से बनी होती है। इसमें अशोक चक्र होलोग्राम, 10 अंकों का पिन (लेजर कोड), वाहन की पूरी जानकारी (इंजन नंबर, चेसिस नंबर आदि)।
पहले से बदला जा चुका है प्रदूषण जांच का नियम
फरवरी माह में ही वाहनों की प्रदूषण जांच में एक और बदलाव हुआ था। अब पंजीकृत मोबाइल नंबर पर OTP आ रहा है। अगर आपने मोबाइल नंबर बदल दिया है या वह खो गया है, तो पहले नया नंबर अपडेट कराना होगा, उसके बाद ही प्रदूषण जांच हो सकेगी।
इसे भी पढ़ें: नोएडा में वेतन की जंग में 42 हजार मजदूरों का हल्लाबोल
ऐसे लगवाएं HSRP
अगर आपने अब तक HSRP नहीं लगवाई है, तो यहां बताए गए स्टेप्स फॉलो करें।
वेबसाइट bookmyhsrp.com पर जाएं
हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट विद कलर स्टीकर का विकल्प चुनें
अपने राज्य का चयन करें
वाहन नंबर, चेसिस नंबर, इंजन नंबर आदि दर्ज करें
प्लेट लगवाने के लिए नजदीकी डीलर या होम डिलीवरी का चुनाव करें
तारीख और समय चुनें
आवेदन शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करें
वाहन शुल्क
दोपहिया 400 रुपये से
चार पहिया 1100 रुपये तक
ध्यान दें: आवेदन करते समय आपको अपना वाहन रजिस्ट्रेशन प्रमाणपत्र (RC) दस्तावेज के रूप में अपलोड करना होगा।
क्यों जरूरी है यह बदलाव
यह कदम मुख्य रूप से वाहनों की सुरक्षा और पारदर्शिता के लिए उठाया गया है। HSRP से वाहन की पहचान सुनिश्चित होती है और नकली नंबर प्लेटों पर रोक लगती है। साथ ही, इससे प्रदूषण जांच प्रक्रिया भी अधिक पारदर्शी हो जाएगी।
इसे भी पढ़ें: प्रफुल्ल हिंगे, महाराष्ट्र की राजनीति और समाज सेवा में उभरता एक जाना-माना चेहरा
