मुंबई। एक तरफ जहां भारत कोरोना से जंग जीतने की तरफ तेजी से आगे बढ़ रहा है वहीं दूसरी तरफ मुंबई से परेशान करने वाली बात सामने आ रही है। यहां कोरोना ने एक बार फिर से जिस तरह रफ्तार पकड़ी है वह चिंता का विषय होता जा रहा है। बढ़ते मामलों को देखते हुए बीएमसी हरकत में आ गया है और पाबंदियां लगाना शुरू कर दिया है। मुंबई में कोरोना से संक्रमित 1305 इमारतों को सील कर दिया है, जिसके चलते 71,838 परिवार एक बार फिर से कैद रहने को मजबूर हो गए हैं।

बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए एक दिन पहले मुंबई के लिए नई गाइडलाइन जारी किया था। इसमें कहा गया था कि यदि किसी बिल्डिंग में पांच या उससे अधिक कोरोना वायरस से संक्रमित मिलते हैं तो ऐसी स्थिति में पूरी बिल्डिंग को सील कर दिया जाएगा। इसके साथ ही मरीज अगर होम क्वारंटाइन में रहना चाहता है तो फिर उसके हाथों में स्टैंप लगाया जाएगा। बता दें कि महाराष्ट्र में तीन महीने बाद यह पहली बार है जब एक साथ कोविड-19 के 6,000 नए मामले आए हैं।

इसे भी पढ़ें: नियम तोड़ने पर पुलिसकर्मी ने लड़की को किया KISS, वीडियो वायरल होने पर हुआ सस्पेंड

संक्रमितों के इन नए मामलों में अधिकतर अकोला, पुणे और मुंबई खंड से आए हैं। हालांकि राज्य में इससे पहले 30 अक्टूबर को एक दिन में 6,000 से ज्यादा मामले सामने आए थे, लेकिन इसी के बाद से मामलों की संख्या घटने लगी थी। कोरोना संक्रमण के इन नए मामलों के साथ संक्रमितों की संख्या 20,87,632 पहुंच गई है। वहीं 44 और लोगों की मौत होने से मृतक संख्या 51,713 पहुंच गई है। ज्ञात हो कि इन 44 मौतों में 19 लोगों की मौत बीते 48 घंटे में हुई है।

इसे भी पढ़ें: ‘हाइब्रिड वॉरफेयर’ दुश्मन के साथ जंग करने का नया तरीका: ध्रुव कटोच

Spread the news