लखनऊ: हमारे देश का भविष्य युवा पीढ़ी के हाथ में है जो अपनी योग्यता के जरिए ही देश को उन्नति के शिखर पर ले जाने का कार्य करेंगे। हमारी युवा पीढ़ी राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानते हुए भारत को विश्वगुरु बनाएगी, ऐसा विश्वास है। हमारी पृष्ठभूमि हमारे रास्ते में कभी बाधा नहीं बनती है, यदि हम ईमानदारी से अपना कार्य करते रहे होते हैं। उक्त उद्गार मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल डॉ. प्रो. बीएनबीएम प्रसाद ने आजादी के अमृत महोत्सव पर आयोजित राष्ट्रहित सर्वोपरि कार्यक्रम के 14वें अंक में व्यक्त किए। यह कार्यक्रम सरस्वती कुंज, निराला नगर के प्रो. राजेन्द्र सिंह (रज्जू भैया) उच्च तकनीकी (डिजिटल) सूचना संवाद केन्द्र में विद्या भारती, एकल अभियान, इतिहास संकलन समिति अवध, पूर्व सैनिक सेवा परिषद एवं विश्व संवाद केन्द्र अवध के संयुक्त अभियान में चल रहा है।

मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल डॉ. प्रो. बीएनबीएम प्रसाद ने एनसीसी कैडेट्स के बीच अपने सैन्य अनुभवों को साझा करते हुए सैन्य सेवा के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कैडेटस की ओर इशारा करते हुए कहा कि आज आजादी के 75वें वर्ष को अमृत महोत्सव के रूप में मना रहे हैं, लेकिन आगामी 25 वर्ष आपके हाथ में है और आप उसका नेतृत्व करेंगे। ऐसे में हमारे देश के भविष्य की जिम्मेदारी शिक्षकों पर ही है, जो आपका मार्गदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने फील्ड मार्शल केएम करिअप्पा, फील्ड मार्शल सैम मानेकशां का उदाहरण देते हुए कैडेट्स को देश सेवा के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि साहसी व्यक्ति ही देश ही नहीं दुनिया को बदलने की ताकत रखता है, ऐसे में हमें साहसी होने की जरूरत है। उन्होंने विद्या भारती के स्कूलों की सराहना करते हुए कहा कि यहां युवा पीढ़ी को संस्कारित और राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत बनाया जा रहा है, जो अच्छा कदम है।

Vidya Bharati

विशिष्ट अतिथि मधुमेह रोग विशेषज्ञ डॉ. अजय तिवारी ने कहा कि यदि हमारे देशवासी स्वस्थ होंगे, तभी हम एक अच्छे और स्वस्थ राष्ट्र की कल्पना कर सकते हैं। एक स्वस्थ राष्ट्र ही विश्व का नेतृत्व कर सकता है। ऐसे में हम सबका कर्त्तव्य है कि हम अपनी जीवनशैली को सुधारें और बीमारियों से खुद को बचाए रखें। इसके साथ ही समाज को भी जागरूक करने का काम करें। उन्होंने देश में तेजी से बढ़ रहे मधुमेह रोगियों को लेकर चिंता जताई। उन्होंने सभी को जंक फूड और फास्टफूड आदि के सेवन से दूर रहने की सलाह भी दी।

मुख्य वक्ता विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश के बालिका शिक्षा प्रमुख श्री उमाशंकर ने कहा कि आज के युवाओं के अंदर देश-प्रेम की भावना को जगाने की आवश्यकता है। समाज में लोगों को देश के लिए कुछ कर गुजरने का जज्बा जाग्रत करने की जरूरत है। विद्या भारती ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से देश के लाखों छात्रों व उनके अभिभावकों के अंदर देश प्रेम की भावना जगाने की कार्य कर रही है।

इसे भी पढ़ें: सिद्धार्थनगर में साइकिल रेस लगाने को तैयार, ​जानें ताजा रुझान

कार्यक्रम अध्यक्ष एकल अभियान के महासचिव माधवेन्द्र सिंह ने कहा कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने के लिए पांच विश्वविद्यालयों की स्थापना की जा रही है, जो अभ्युदय कृषि एवं पशुपालन विश्वविद्यालय रायबरेली, अभ्युदय डिफेंस टेक्नोलॉजी विश्वविद्यालय बेंगलुरु, अभ्युदय मेडिकल एंड हेल्थ विश्वविद्यालय लखनऊ, अभ्युदय संस्कृति विश्वविद्यालय अयोध्या, अभ्युदय मेंटर विश्वविद्यालय हरिद्वार, अभ्युदय स्पोटर्स विश्वविद्यालय लखनऊ है। इसके साथ ही उन्होंने कैडेट्स को बाजार का उदाहरण देते हुए राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि हम लोग बाहरी चीजों को ज्यादा अहमियत देते हैं, जबकि हमें स्वदेशी चीजों को ज्यादा अहमियत देनी चाहिए। उन्होंने एकल अभियान के माध्यम से देश के दूरदराज क्षेत्रों के लोगों में शिक्षा और राष्ट्रभाव जागने का जो कार्य किया जा रहा है, उसके बारे में विस्तार से चर्चा भी की।

विशिष्ट अतिथि एकल अभियान के प्रभाग उपाध्यक्ष कर्नल राम दत्त तिवारी ने कार्यक्रम की प्रस्ताविकी रखी। इसके साथ ही उन्होंने अतिथियों का परिचय भी कराया। इतिहास संकलन समिति अवध प्रांत के सदस्य डॉ. अमिताभ राय जी ने सभी अतिथियों का आभार ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रचार प्रमुख सौरभ मिश्रा ने किया।

इस अवसर पर विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश के सह प्रचार प्रमुख भास्कर दूबे, कार्यक्रम संयोजक डॉ. मुकेश वर्मा, 63 यूपी राष्ट्रीय कैडेट कोर बटालियन, लखनऊ के कैडेट्स सहित कई लोग मौजूद रहे। इस कार्यक्रम में एप, यूटयूब के माध्यम से विद्या भारती के लाखों अभिभावक और शिक्षक भी जुड़े हुए थे।

इसे भी पढ़ें: बांदा में हाथी और कमल में मुख्य लड़ाई, जानें सियासी आंकड़े

Spread the news