अजय कुमार मिश्र

लखनऊ: राजनीति में नैतिकता और सुचिता केवल कहने की बात है। अवसरवाद की राजनीति में दोस्ती और दुश्मनी दोनों फायदा देखकर किया जाता है। वैसे सियासत और जंग में सब कुछ जायज है। बावजूद इसके लोग राजनीतिज्ञों से नैतिकता की उम्मीद पाले रहते हैं। बुधवार को भाजपा में जो कुछ हुआ उससे प्रदेश की राजनीतिक हलचल बढ़ना लाजिमी है। क्योंकि सांसद रीता बहुगुणा जोशी के घर को आग के हवाले करने वाले पूर्व विधायक जितेंद्र सिंह बबलू को पार्टी में शामिल कराकर भाजपा ने सबको अचरज में डाल दिया है। ऐसे में यह चर्चा आम हो गई है कि जितेंद्र सिंह बबलू ने पहले घर जलाया और अब दिल जलाएंगे।

हालांकि इस राजनीतिक घटना क्रम से हर कोई चकित है, लेकिन भाजपा सांसद रीता बहुगुणा जोशी के लिए यह बड़ा झटका माना जाएगा। पार्टी के इस फैसले से लगता है कि भाजपा अब रीता बहुगुणा जोशी से किनारा करना चाहती है। क्योंकि जितेंद्र सिंह बबलू को पार्टी में शामिल करने की जानकारी खुद रीता बहुगुणा जोशी को भी नहीं थी। फिलहाल इससे पार्टी में अंदरूनी कलह बढ़ेगी। क्योंकि बाल आंख का कुछ नहीं बिगाड़ सकता, लेकिन जब तक वह आंख में रहेगा, तकलीफ ही देखा। जितेंद्र सिंह बबलू रीता बहुगुणा जोशी के लिए आंख में पड़े बाल की तरह हैं। जब तक वह पार्टी में रहेंगे तब तक वह चुभेंगे।

भाजपा ने प्रयागराज संसदीय सीट से सांसद रीता बहुगुणा जोशी के जुलाई 2009 में लखनऊ स्थित घर जलाने के आरोपी अयोध्या की बीकापुर विधानसभा से विधायक रहे जितेंद्र सिंह बबलू को बुधवार को पार्टी में शामिल करा दिया है। इसको लेकर भाजपा में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। इस बात की जानकारी रीता बहुगुणा को होते ही रीता जोशी स्तब्ध रह गईं।

इसे भी पढ़ें: चुनाव लड़ने की तैयारी में ‘हम’

भाजपा सांसद रीता बहुगुणा जोशी इस बारे में सवाल पूछे जाने पर कहा कि आज सोशल मीडिया पूरा भरा हुआ है कि जितेंद्र सिंह बबलू जो बसपा के पूर्व विधायक थे उनको पार्टी में शामिल किया गया है। मैं स्तब्ध हूं, क्योंकि ये वही जितेंद्र सिंह बबलू हैं, जिन्होंने साल 2009 जुलाई में मेरा घर जलाया था, उस समय मैं मुरादाबाद जेल में बंद थी। जब इस मामले की जांच हुई थी तो ये आरोपी पाए गए थे। उन्होंने कहा कि मुझे पूर्ण विश्वास है कि बबलू ने ये तथ्य पार्टी से छिपाया है। प्रदेश अध्यक्ष को इस बात की जानकारी नहीं होगी। अब वे पार्टी में शामिल हो गए हैं। मैं यूपी बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से निवेदन करूंगी कि उनकी सदस्यता को समाप्त करें, क्योंकि उनके ऊपर और भी अन्य गंभीर आरोप हैं. रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि उन्होंने मेरा घर जलाया है तो मैं इस बात से दुखी हूं।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बुधवार को बहुजन समाज पार्टी के पूर्व विधायक जितेंद्र कुमार सिंह उर्फ बब्लू सहित कई नेताओं को पार्टी में शामिल कराया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने आज बीकापुर विधानसभा क्षेत्र से बसपा के पूर्व विधायक जितेंद्र कुमार सिंह उर्फ बबलू, आजमगढ़ के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी पंकज मोहन सोनकर, पूर्व सेना अधिकारी श्याम शंकर तिवारी, गाजियाबाद के पूर्व बसपा कोऑर्डिनेटर मनोज शर्मा, रायबरेली के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी प्रवेश सिंह व आगरा निवासी डॉ. बीना लवानिया को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराई।

भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने वाले जितेंद्र कुमार सिंह उर्फ बब्लू वर्ष 2009 में तत्कालीन कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष व वर्तमान में प्रयागराज से भाजपा सांसद रीता बहुगुणा जोशी का घर जलाने के आरोपी हैं। ऐसे में जितेंद्र कुमार सिंह उर्फ बब्लू की भाजपा में शामिल होने को लेकर तमाम तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी तरह-तरह के चर्चाएं शुरू हो गई हैं। सवाल यह भी है कि क्या भाजपा को अब रीता बहुगुणा की जरूरत नहीं रही या फिर उन्हें खुद से पार्टी से किनारा करने का मौका दिया जा रहा है। फिलहाल जितेंद्र कुमार सिंह उर्फ बबलू भाजपा को कितना नफा-नुकसान पहुंचाएंगे यह तो आने वाला वक्त बताएगा।

इसे भी पढ़ें: भाजपा सांसद ने फहराया झंडा, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Spread the news