आंध्र में तीसरे बच्चे पर 30 हजार और चौथे पर 40 हजार रुपये देगी नायडू सरकार
अमरावती: आंध्र प्रदेश की चंद्रबाबू नायडू सरकार ने राज्य में घटती जनसंख्या वृद्धि दर को देखते हुए एक अनोखी योजना का ऐलान किया है। सरकार अब तीसरे बच्चे के जन्म पर परिवार को 30,000 रुपये और चौथे बच्चे के जन्म पर 40,000 रुपये की आर्थिक सहायता देगी। इससे पहले दूसरे बच्चे पर 25,000 रुपये देने की भी चर्चा थी, हालांकि उस पर अभी तक कोई स्पष्ट घोषणा नहीं की गई है।
यह पहल उस समय हुई है जब देश के अधिकांश राज्य जनसंख्या नियंत्रण पर जोर दे रहे हैं। नायडू सरकार ने प्रोत्साहन की नीति अपनाकर एक नई बहस छेड़ दी है।
बच्चे हमारी संपत्ति हैं, बोझ नहीं
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने नरसन्नापेटा में आयोजित स्वर्ण आंध्र, स्वच्छ आंध्र कार्यक्रम के दौरान राज्य में घटती जनसंख्या दर पर चिंता जताई। उन्होंने साफ कहा कि अब समय बदल चुका है और बच्चों को बोझ की बजाय देश की संपत्ति माना जाना चाहिए।
नायडू ने कहा, मैंने इस बारे में कई बार सोचा है। पहले मैंने परिवार नियोजन की दिशा में काम किया था, लेकिन आज स्थिति पूरी तरह बदल गई है। अब बच्चे हमारी संपत्ति हैं, और हमें उनके भविष्य के लिए काम करना होगा। इसी सोच के साथ मैंने यह नया फैसला लिया है।
इसे भी पढ़ें: PM मोदी की चेतावनी, लट सकते हैं दशकों की विकास यात्रा को
तीसरे-चौथे बच्चे पर तुरंत मिलेगी राशि
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यह सहायता तीसरे और चौथे बच्चे के जन्म के तुरंत बाद परिवार को प्रदान की जाएगी। यह राशि सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में हस्तांतरित की जाएगी। सरकार का मानना है कि इससे परिवारों को बच्चों के शुरुआती खर्चों में मदद मिलेगी और साथ ही लोग बिना किसी आर्थिक चिंता के अधिक बच्चे पैदा करने के लिए प्रोत्साहित होंगे।
हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि यह कदम राज्य में बढ़ती उम्रदराज आबादी और कार्यबल में गिरावट को देखते हुए उठाया गया है। फिलहाल, दूसरे बच्चे पर 25,000 रुपये की पुरानी योजना को लेकर सरकार ने कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
इसे भी पढ़ें: मौनी रॉय की तलाक के बीच फिर सुर्खियों लव लाइफ
