नोएडा में वेतन वृद्धि को लेकर हिंसक हुए कर्मचारी, कई वाहनों में लगाई आग, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर घंटों जाम

noida violent protest wage hike motherson company

नोएडा: गुरुग्राम के बाद अब नोएडा में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर बड़ा बवाल हुआ है। नोएडा के फेज-2 स्थित एक निजी कंपनी के कर्मचारियों ने सोमवार को हिंसक प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में जुटे प्रदर्शनकारियों ने वाहनों में तोड़फोड़ की और आग लगा दी। पुलिस पर भी पथराव किया गया। घंटों पूरा इलाका युद्ध क्षेत्र जैसा बना रहा। पुलिस ने बल प्रयोग कर किसी तरह स्थिति को काबू किया।

अस्थायी कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन

बताया जा रहा है कि फेज-2 स्थित मदरसन कंपनी के अस्थायी कर्मचारियों ने वेतन वृद्धि समेत कुछ मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का आरोप है कि कंपनी ने नए श्रम कानूनों के प्रावधानों को लागू नहीं किया है। सोमवार सुबह हजारों की संख्या में प्रदर्शनकारी कंपनी के बाहर जमा हो गए और नारेबाजी करने लगे। विरोध प्रदर्शन को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस भी तैनात थी।

प्रदर्शन अचानक हुआ उग्र

देखते ही देखते प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया। भीड़ उग्र हो गई। कंपनी के आसपास खड़े कई वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया। तोड़फोड़ की गई। पुलिस पर पथराव होने लगा और पुलिस की गाड़ियों को भी निशाना बनाया गया। एक पुलिस जिप्सी को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर पलट दिया गया। हिंसक भीड़ को काबू करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे और लाठीचार्ज किया।

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर भीषण जाम

फेज-2 के अलावा सेक्टर 15 और 62 में भी श्रमिकों ने हंगामा किया। जिसके चलते दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे समेत नोएडा के कई इलाकों में भीषण जाम लग गया। लोग घंटों एक्सप्रेसवे पर फंसे रहे और उन्हें आवाजाही में काफी परेशानी हुई।

गाजियाबाद पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

गाजियाबाद पुलिस ने यातायात एडवाइजरी जारी करते हुए बताया कि सेक्टर 62 नोएडा स्थित एनएच-9 पर दिल्ली जाने वाली साइड रोड पर कर्मचारियों के प्रदर्शन से जाम की स्थिति बनी हुई है। पुलिस ने एबीईएस और विजयनगर बाईपास से डायवर्जन किया है और लोगों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने की अपील की है।

इसे भी पढ़ें:हजीना सैयद ने अलका लांबा पर किया शर्मनाक कमेंट 

गौरतलब है कि एक दिन पहले ही नोएडा की डीएम मेधा रूपम ने श्रमिकों से अपील की थी कि वे जिले में सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। उन्होंने कहा था कि श्रमिकों के हितों की सुरक्षा, ओवरटाइम का दोगुना भुगतान, बोनस, साप्ताहिक अवकाश और कार्यस्थल सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। इसके बावजूद हिंसा होना प्रशासन की चिंता बढ़ा गया है। फिलहाल, इलाके में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है। हालांकि, देर रात तक आसपास के इलाकों में यातायात प्रभावित रहा।

इसे भी पढ़ें: यूपी के ये 5 ऐतिहासिक शिव मंदिर

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...