नई दिल्ली: राष्ट्रपति पद के लिए विपक्ष की तरफ से नाम का एलान किए जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी ने भी अपने उम्मीदवार की घोषणा कर दी है। बीजेपी ने द्रौपदी मुर्मू को अपना उम्मीदवार बनाया है। राष्ट्रपति उम्मीदवार के नाम पर मंथन के लिए इससे पहले पार्टी मुख्यालय में बीजेपी की संसदीय बोर्ड की बैठक हुई। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित संसदीय बोर्ड के अन्य सदस्य बैठक में मौजूद रहे।

राष्ट्रपति चुनाव के लिए विपक्षी दलों की ओर से संयुक्त उम्मीदवार के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री यशवंत सिन्हा को मैदान में उतारा गया है। मौजूदा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो रहा है। विपक्षी उम्मीदवार के रूप में सिन्हा के नाम की घोषणा के बाद अगले राष्ट्रपति के निर्वाचन के लिए 18 जुलाई को मतदान होना अब तय माना जा रहा है। राष्ट्रपति चुनाव के लिए नामांकन पत्र भरने की प्रक्रिया जारी है। 29 जून नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि है।

इसे भी पढ़ें: एमएलसी चुनाव में बीजेपी ने दिया तगड़ा झटका

गौरतलब है कि द्रौपदी मुर्मू देश की पहली आदिवासी महिला हैं जो राज्यपाल रहीं। झारखंड राजभवन के बिरसा मंडप में आयोजित एक समारोह में राज्य के मुख्य न्यायाधीश वीरेंद्र सिंह ने उनको पद की शपथ दिलाई थी। तब देश की पहली आदिवासी महिला राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने अंग्रेज़ी में शपथ ग्रहण की थी। उन्होंने डॉ. सैयद अहमद की जगह ली थी, जिन्हें मणिपुर का राज्यपाल बनाया गया था।

इसे भी पढ़ें: सिखों के सफाए पर कोई विरोधी स्वर क्यों नहीं!

Spread the news