डाबर 100% शुद्ध का दावा फेल, FSSAI ने कई उत्पादों पर लगाई रोक

Dabur India

नई दिल्ली: भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने उपभोक्ता वस्तु निर्माता डाबर इंडिया लिमिटेड के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके कई उत्पादों की बिक्री पर रोक लगा दी है। खाद्य नियामक ने कंपनी को उन उत्पादों को तुरंत बेचना बंद करने का निर्देश दिया है, जिन पर 100% नेचुरल, 100% प्योर, 100% प्योरिटी गारंटीड और 100% ऑर्गेनिक जैसे निरपेक्ष दावे किए गए थे। FSSAI का कहना है कि ये दावे अस्पष्ट, अप्रमाणित हैं और उपभोक्ताओं को गुमराह कर सकते हैं।

पहले भी मिला था नोटिस, लेकिन नहीं हुआ सुधार

FSSAI के अनुसार, डाबर की वेबसाइट पर बेचे जा रहे खाद्य उत्पादों पर 100% नेचुरल, 100% प्योर, 100% प्योरिटी गारंटीड, 100% ऑर्गेनिक और 100% टेंडर कोकोनट वाटर जैसे भ्रामक दावे पाए गए। नियामक ने कहा कि इस तरह के निरपेक्ष दावे खाद्य सुरक्षा एवं मानक (विज्ञापन एवं दावे) विनियम, 2018 का उल्लंघन हैं। FSSAI ने यह भी बताया कि इससे पहले भी कंपनी को ये दावे बंद करने का निर्देश दिया गया था, लेकिन डाबर ने कोई संतोषजनक सुधारात्मक कार्रवाई नहीं की।

जैविक भारत लोगो पर भी उठे सवाल

FSSAI ने डाबर के दो उत्पादों डाबर हिमालयन ऑर्गेनिक एप्पल साइडर विनेगर और डाबर ऑर्गेनिक हनी पर जैविक भारत लोगो के इस्तेमाल पर भी सवाल उठाए हैं। नियामक का कहना है कि यह लोगो FSSAI की वैध ऑर्गेनिक मंजूरी के बिना दिखाया गया था, जो खाद्य सुरक्षा एवं मानक (जैविक खाद्य) विनियम, 2017 का उल्लंघन है।

डाबर होममेड कोकोनट मिल्क पर भी लगी रोक

FSSAI ने डाबर होममेड कोकोनट मिल्क पर 100% शुद्धता के दावे को भी गलत ठहराया। नियामक के अनुसार, ऐसा दावा मिश्रित खाद्य पदार्थों (कंपाउंड फूड प्रोडक्ट्स) के लिए अनुमति नहीं है। FSSAI ने कंपनी को आदेश दिया है कि वह इन सभी उत्पादों की बिक्री तुरंत बंद करे और 15 दिनों के भीतर एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) सौंपे।

इसे भी पढ़ें: यूपी विधानसभा में 59 हजार करोड़ से अधिक का अनुपूरक बजट पेश

एक महीने में 8% और छह महीने में 17% टूटा शेयर

FSSAI के इस आदेश का असर डाबर इंडिया के शेयरों पर भी देखने को मिला। मंगलवार सुबह कारोबार के दौरान कंपनी के शेयर में 2.85% से अधिक की गिरावट आई। बीते एक महीने में शेयर 8% और बीते छह महीने में 17% से अधिक लुढ़क चुका है। कंपनी ने FSSAI नोटिस मिलने की पुष्टि की है और कहा है कि वह नोटिस में बताई गई बातों की समीक्षा कर रही है।

इसे भी पढ़ें: माता वैष्णो देवी श्राइन चढ़ावा घोटाला

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...