दुबई। IPL 2021 के दूसरे सीजन का आगाज चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) की जीत के साथ हुआ जहां चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) ने अपने प्रतिद्वंदी मुंबई इंडियंस (MI) को हराकर अंक तालिका में प्रथम स्थान पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। चेन्नई की जीत के हीरो सलामी बल्लेबाज ऋतुराज गायकवाड़ (Ruturaj Gaikwad) रहे जिनकी 88 रनों की बेहतरीन पारी की बदौलत चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) ने मुंबई इंडियंस (MI) के सामने जीत के लिए 157 रनों का स्कोर खड़ा किया जिसे बनाने में मुंबई के बल्लेबाज विफल साबित हुए और मुंबई को 20 रनों से हार का सामना करना पड़ा।
ऋतुराज गायकवाड़ ने खेली महत्वपूर्ण पारी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी धोनी बिग्रेड की शुरूआत निराशाजनक रही। CSK ने महज 2 रनों पर ही 2 विकेट खो दिए। इसके बाद आये रैना अभी पारी को कुछ संभालने की कोशिश ही कर रहे थे कि एक गलत शाॅट के चलते वह भी आउट हो गये। महज 24 रन के स्कोर पर अपने चार महत्वपूर्ण विकेट गंवाने के बाद टीम संकट की स्थिति में थी। ऐसे में ऋतुराज गायकवाड़ (Ruturaj Gaikwad) ने जडेजा के साथ मिलकर पारी को संभाला और स्कोर को 100 के पार पहुंचाया। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 81 रनों की साझेदारी हुई। CSK के लिए गायकवाड़ ने महत्वपूर्ण योगदान दिया और महज 58 गेंदों में नौ चौके और चार छक्कों की मदद से 88 रन की बेहतरीन पारी खेली। ऋतुराज गायकवाड (Ruturaj Gaikwad) के अलावा जडेजा (26) और ब्रावो ने भी (23) रनों का योगदान दिया। ब्रावो ने अपनी 23 रनों की पारी में तीन छक्के भी जमाये। मुंबई इंडियंस (MI) की तरफ से बोल्ट-मिल्ने और बुमराह ने दो-दो विकेट चटकाए।
विफल रहे मुंबई के बल्लेबाज
मुंबई द्वारा मिले 157 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडिंयस (MI) की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। महज 18 रन के स्कोर पर टीम को क्विंटन डिकॉक के रूप में पहला झटका लगा। टीम ने पावर प्ले में महज 41 रनों पर ही तीन महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिये। 87 रनों के स्कोर तक आते-आते आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। इस मुश्किल समय में सौरभ तिवारी ने पारी को संभाला और एडम मिल्ने के साथ मिलकर सातवें विकेट के लिए 40 रनों की साझेदारी की। मुंबई की तरफ से तिवारी ने सर्वाधिक 50’ रन बनाए लेकिन उनकी यह पारी भी मुंबई को जीत दिलाने में नाकाफी साबित हुई और अंततः मुंबई इंडियंस को 20 रनों से हार का सामना करना पड़ा। चेन्नई की तरफ से ड्वेन ब्रावो ने तीन विकेट चटकाए। वहीं, दीपक चाहर ने दो विकेट झटके जबकि शार्दुल और जोश हेजलवुड को 1-1 विकेट मिले।
नोट:अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को Like व Twitter व Instagram पर Follow करना न भूलें...