अंबेडकरनगर में चार बच्चों की नृशंस हत्या, पति की दूसरी शादी के शक में मां ने ही उजाड़ी अपनी दुनिया
Ambedkar Nagar News: उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले से एक ऐसी रोंगटे खड़े कर देने वाली खबर सामने आई है, जिसने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर कर रख दिया है। अकबरपुर के मीरानपुर मोहल्ले में एक चार मंजिला मकान के अंदर चार मासूम बच्चों के खून से लथपथ शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच शुरू की गई। शुरुआती जांच में इस जघन्य हत्याकांड का शक बच्चों की सगी मां पर ही गहरा रहा है, जो वारदात के बाद से ही घर से फरार बताई जा रही है।
ईंट से कूचकर मासूमों को उतारा मौत के घाट
यह खौफनाक मंजर अपराह्न करीब तीन बजे के बाद सामने आया, जब पुलिस को मीरानपुर के एक बंद कमरे में बच्चों के शव होने की जानकारी मिली। मृतकों की पहचान 14 वर्षीय सफीक, 10 वर्षीय सऊद, 8 वर्षीय उमर और 6 साल की मासूम बच्ची बयान बानो के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी मां गाजिया खातून ने ईंट से प्रहार कर बच्चों के चेहरों को बुरी तरह कुचल दिया और हत्या करने के बाद बालकनी से कूदकर भाग निकली। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाने की कार्यवाही शुरू कर दी है।
सऊदी अरब में बैठे पति की दूसरी शादी बनी हत्या की वजह
पुलिस जांच में जो तथ्य उभरकर सामने आ रहे हैं, वे पारिवारिक कलह और मानसिक प्रतिशोध की ओर इशारा कर रहे हैं। बच्चों का पिता मोहम्मद नियाज पिछले एक साल से रोजगार के सिलसिले में सऊदी अरब में रह रहा है। चर्चा है कि नियाज ने वहां किसी पाकिस्तानी महिला से निकाह कर लिया है, जिसकी जानकारी होने के बाद से ही गाजिया खातून गहरे तनाव और गुस्से में थी। आरोप है कि इसी गुस्से और मानसिक तनाव के चलते महिला ने अपने ही बच्चों पर कहर बरपाया और उन्हें मौत की नींद सुला दिया।
घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंची पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया बच्चों की हत्या में मां की संलिप्तता नजर आ रही है। प्रारंभिक जांच में पति की दूसरी शादी के अलावा संपत्ति विवाद की आशंका भी जताई जा रही है। एसपी के मुताबिक, फरार महिला की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी महिला की गिरफ्तारी और विस्तृत जांच के बाद ही हत्या के वास्तविक कारणों का पूरी तरह खुलासा हो सकेगा।
