Ayodhya Encounter: यूपी एसटीएफ ने सरयू एक्सप्रेस में महिला कांस्टेबल पर जानलेवा हमले में शामिल मुख्य आरोपी अनीस को मुठभेड़ में मार गिराया है। इसके साथ ही उसके दो अन्य साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। एसटीएफ और अयोध्या पुलिस की ज्वाइंट ऑपरेशन में आरोपियों से मुठभेड़ हुई। इस एनकाउंटर में मुख्य आरोपी अनीस की गोली लगने से मौत हो गई। वहीं एसओ पुराकलंदर रतन शर्मा व दो अन्य सिपाही भी घायल हुए हैं। पुलिस के मुताबिक यह मुठभेड़ थाना पुराकलंदर के छतरिवा पारा कैल मार्ग पर हुई। गौरतलब है कि अयोध्या में सावन मेले के दौरान सरयू एक्सप्रेस में महिला मुख्य आरक्षी खून से लथपथ मिली थी।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, एनकाउंटर में मारे गए बदमाश अनीश के दो अन्य साथियों आजाद और विशंभर दयाल उर्फ लल्लू को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। इन दोनों आरोपियों को अयोध्या के इनायतनगर से मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। बताया जा रहा है कि घटना के दिन मुख्य आरोपी अनीस ने महिला कांस्टेबल से छेड़खानी की कोशिश की थी। छेड़खानी का विरोध करते हुए महिला कांस्टेबल ने अनीस को पटक दिया था। इसके बाद उसके साथियों ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया था। बदमाशों ने महिला कांस्टेबल से मारपीट करते हुए ट्रेन की खिड़की से सिर लड़ाकर गंभीर रूप से घायल किया था। अयोध्या से पहले ट्रेन जब धीमी हुई तो तीनों आरोपी ट्रेन से कूदकर भाग निकले।

इसे भी पढ़ें:ट्रेन में गंभीर हालत में मिली महिला हेड कांस्टेबल, दुष्कर्म की आशंका

मुख्य आरोपी ढेर

स्पेशल डीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार ने इस मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि सरयू एक्सप्रेस में महिला कांस्टेबल पर जानलेवा हमला करने वाले मुख्य आरोपी को थाना पूरा कलंदर पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया है। इसके साथ ही उसके दो साथियों को इनायत नगर से मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। बताते चलें कि 30 अगस्त को अयोध्या में सावन मेला में ड्यूटी कर रही महिला सिपाही पर सरयू एक्सप्रेस में जानलेवा हमला किया गया था। ट्रेन में महिला सिपाही अर्धनग्न व बेहोशी की हालत में खून से लथपथ पाई गई थी। इस घटना के बाद पूरे प्रदेश में हड़कंप मच गया था।

इसे भी पढ़ें: राजूदास पर एफआईआर दर्ज करने के लिए सपा नेताओं ने सौंपा ज्ञापन

Spread the news