अखिलेश यादव ने फिर बोला भाजपा पर हमला, कहा— खरबपतियों को फायदा पहुंचा रही सरकार

लखनऊ। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने किसानों के प्रदर्शन को लेकर भाजपा पर एकबार फिर कटाक्ष करते हुए खरबपतियों को लाभ पहुंचाने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा भाजपा की सरकार किसानों को बदनाम करने के प्रयास में लगी हुई है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट कर भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा है कि भाजपा सरकार किसानों को बदनाम करने में लगी हुई है, जिसके चलते अन्नदाता काफी नाराज चल रहे हैं, सरकार ने देश खरबपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए नोटबंदी, जीएसटी, श्रम कानून व कृषि कानून जैसे कठोर कानून लेकर आई है।

उन्होंने कहा कि सत्ता के नशे में चूर भाजपा लगातार आम जनता को परेशान करने में लगी हुई है। उन्होंने अपने इस ट्वीट में भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत का नाम लिए बगैर शायराना अंदाज में कहा कि वो आंसू टपके बस दो आंख से हैं, पर दुख-दर्द वो लाखों लाख के हैं। गौरतलब है कि 26 जनवरी को किसानों की तरफ से दिल्ली में की गई हिंसा के बाद किसान नेता राकेश टिकैत का रोने का वीडियो मीडिया में आने के बाद टूट चुका किसान आंदोलन एकबार फिर से खड़ा हो गया। बताते चलें कि इससे एक दिन पहले अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा था कि भाजपा कैसी देशभक्त है जिसके शासन में किसान-नौजवान मारा-मारा सड़कों पर प्रदर्शन कर रहा है।

उन्होंने कहा था कि भाजपा राज में गरीबों और निर्दोषों का उत्पीड़न किया जा रहा है। समाजवादी पार्टी गरीबों और किसानों के हक के लिए हमेशा उनके साथ खड़ी है। जनहित के मुद्दों पर भाजपा सरकार संवेदनाशून्य बनी हुई है। गरीब, किसानों के दुख से भाजपा का कोई लेनादेना नहीं है। भाजपा सरकार तानाशाही में किसानों को बदनाम करने की पूरी नाकाम कोशिश कर रही है। ऐसे में लोकतंत्र खतरे में जिसकी लड़ाई सबको मिलकर लड़नी है।

इसे भी पढ़ें: प्रशासनिक गलती की वजह से एक हजार से अधिक शिक्षकों से अब होगी रिकवरी

नोट: अगर आपको यह खबर पसंद आई तो इसे शेयर करना न भूलें, देश-विदेश से जुड़ी ताजा अपडेट पाने के लिए कृपया NEWS CHUSKI के Facebook पेज को LikeTwitterInstagram पर Follow करना न भूलें...