नरगिस को इंस्टाग्राम पर आकाश से हुआ प्यार, हिंदू धर्म अपना कर रचाई शादी
Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में धर्म परिवर्तन कर शादी करने का मामला सामने आया है। आंवला क्षेत्र के महमूदपुर गांव की रहने वाली नरगिस ने हिंदू धर्म अपनाने के बाद अपना नाम इच्छा देवी रख लिया है। इसके बाद उसने गांव के ही रहने वाले आकाश कश्यप के साथ विवाह कर लिया। शादी से पहले सुभाषनगर के मढ़ीनाथ स्थित श्री अगस्त्य मुनि आश्रम में वैदिक रीति-रिवाज से धार्मिक प्रक्रिया पूरी कराई गई। युवती का कहना है कि उसने अपनी मर्जी से धर्म परिवर्तन किया है और शादी का फैसला भी अपनी इच्छा से लिया है।
इंस्टाग्राम पर हुई मुलाकात, दोस्ती प्यार में बदली
जानकारी के मुताबिक, आकाश कश्यप और नरगिस की पहचान करीब डेढ़ साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। सोशल मीडिया पर शुरू हुई बातचीत धीरे-धीरे दोस्ती और फिर प्रेम संबंध में बदल गई। युवती का दावा है कि बातचीत की शुरुआत उसने खुद आकाश को मैसेज भेजकर की थी। कुछ समय बाद उसने आकाश के सामने शादी का प्रस्ताव रखा, जिसे उसने स्वीकार कर लिया।
दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार की ओर से विरोध की बात सामने आई। बताया जा रहा है कि युवती पहले भी आकाश के साथ दिल्ली चली गई थी। उस दौरान परिजनों के हंगामे के बाद उसे वापस घर भेज दिया गया था। हालांकि, बाद में वह फिर आकाश के पास पहुंच गई और दोनों ने शादी करने का फैसला किया।

आश्रम में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुई धार्मिक प्रक्रिया
शादी से पहले दोनों सुभाषनगर के मढ़ीनाथ स्थित श्री अगस्त्य मुनि आश्रम पहुंचे। यहां आश्रम के महंत पंडित केके शंखधार ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ युवती की शुद्धिकरण प्रक्रिया कराई। इस दौरान नरगिस ने गंगाजल और गौमूत्र से आचमन किया और तीन बार गायत्री मंत्र का पाठ किया। इसके बाद उसने अपना नाम बदलकर इच्छा देवी रखने की घोषणा की।
इसे भी पढ़ें: चंद्रशेखर आजाद पर रेप के आरोप में दर्ज होगा मामला
युवती का कहना है कि पिछले चार-पांच वर्षों से उसकी आस्था सनातन धर्म में है और उसने किसी दबाव के बिना अपनी इच्छा से धर्म परिवर्तन किया है। उसने यह भी कहा कि पहले वह कलमा पढ़ती थी, लेकिन अब उसने पुरानी धार्मिक मान्यताओं को छोड़ दिया है। धार्मिक प्रक्रिया के दौरान गंगाजल और गौमूत्र को लेकर भी उसने अपनी बात रखी।

परिवार से जान का खतरा
इस मामले में दोनों ने शादी और धर्म परिवर्तन से संबंधित शपथ-पत्र व अन्य दस्तावेज भी प्रस्तुत किए हैं। आकाश कश्यप का कहना है कि युवती के परिजनों से उन्हें जान का खतरा है। इसी वजह से दोनों फिलहाल अपने गांव में न रहकर दिल्ली में रह रहे हैं।
आकाश के मुताबिक, उसके परिवार ने इच्छा देवी को बहू के रूप में स्वीकार कर लिया है। वहीं, युवती ने भी दोहराया है कि शादी और धर्म परिवर्तन का निर्णय उसने अपनी मर्जी से लिया है।
इसे भी पढ़ें: अमेरिका में ताकतवर पुरुषों के आचरण पर दोहरे मापदंड
