चंद्रशेखर आजाद पर रेप के आरोप में दर्ज होगा मामला, राउज एवेन्यू कोर्ट ने सुरक्षित रखा फैसला
नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश की नगीना लोकसभा सीट से सांसद और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। उनके खिलाफ एक महिला स्कॉलर की ओर से लगाए गए दुष्कर्म के आरोपों से जुड़ी शिकायत पर दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने अपना आदेश सुरक्षित रख लिया है। शिकायतकर्ता ने सांसद के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का निर्देश देने की मांग की है। अदालत ने इस मामले में आदेश सुनाने के लिए 23 दिसंबर की तारीख तय की है।
शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का लगाया आरोप
शिकायतकर्ता महिला स्कॉलर ने चंद्रशेखर आजाद पर शादी का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है। महिला का दावा है कि सांसद ने उससे शादी की बात छिपाई और इस दौरान उसका मानसिक उत्पीड़न भी किया।
महिला ने अपनी शिकायत में पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। उसका आरोप है कि पुलिस के सामने शिकायत रखने के बावजूद मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की गई। इसके बाद उसने अदालत का रुख करते हुए चंद्रशेखर आजाद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने के लिए निर्देश देने की मांग की।
इसे भी पढ़ें: अमेरिका में ताकतवर पुरुषों के आचरण पर दोहरे मापदंड
23 दिसंबर को आएगा अदालत का आदेश
मामले की सुनवाई के बाद राउज एवेन्यू कोर्ट ने शिकायत पर अपना आदेश सुरक्षित रख लिया है। अब 23 दिसंबर को अदालत इस पर फैसला सुनाएगी कि शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया जाए या नहीं। फिलहाल ये आरोप शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए हैं। अदालत का आदेश आने के बाद मामले की आगे की कानूनी स्थिति स्पष्ट होगी।
कौन हैं सांसद चंद्रशेखर आजाद
चंद्रशेखर आजाद उत्तर प्रदेश की नगीना लोकसभा सीट से 18वीं लोकसभा के सांसद हैं। वह आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रमुख भी हैं। 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने नगीना सीट से जीत हासिल कर पहली बार संसद में प्रवेश किया था।
इसे भी पढ़ें: पाकिस्तान में 10 महीनों में 84 हिंदू-ईसाई लड़कियों का अपहरण और जबरन धर्मांतरण
