रानी चटर्जी ने मनोज तिवारी के साथ किया था भोजपुरी सिनेमा डेब्यू, इस वजह से सबीहा शेख से बनी रानी
Rani Chatterjee Birthday: भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की दिग्गज अदाकारा और बेहतरीन डांसर रानी चटर्जी अपना 37वां जन्मदिन मना रही हैं। पिछले दो दशकों से अपने अभिनय और कातिलाना डांस मूव्स से दर्शकों के दिलों पर राज करने वाली रानी ने अपने करियर में 400 से भी अधिक फिल्मों में काम किया है। आज भोजपुरी सिनेमा का एक बड़ा चेहरा बन चुकीं अभिनेत्री के जन्मदिन के खास मौके पर आइए जानते हैं उनके जीवन और करियर से जुड़े कुछ दिलचस्प पहलू।
सबीहा शेख से रानी चटर्जी बनने का किस्सा
बहुत कम लोग जानते हैं कि अभिनेत्री का असली नाम रानी चटर्जी नहीं बल्कि सबीहा शेख है। उनका जन्म 3 नवंबर 1989 को मुंबई के एक मुस्लिम परिवार में हुआ था। उन्होंने अपनी शुरुआती पढ़ाई भी मुंबई से ही पूरी की। साल 2004 में उन्होंने भोजपुरी सुपरस्टार मनोज तिवारी के साथ फिल्म ‘ससुरा बड़ा पइसावाला’ से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर ऑल-टाइम ब्लॉकबस्टर साबित हुई। इस फिल्म की शूटिंग के दौरान एक मंदिर के सीन को शूट करते वक्त उनका नाम सबीहा से बदलकर ‘रानी चटर्जी’ रख दिया गया था, जो बाद में उनका आधिकारिक स्क्रीन नेम बन गया।
ब्लॉकबस्टर फिल्में और मिला सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का खिताब
अपनी पहली ही फिल्म से रातों-रात स्टार बनीं रानी ने इसके बाद कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने ‘नागिन’, ‘देवरा बड़ा सतावेला’, ‘गंगा यमुना सरस्वती’, ‘रानी नंबर 786’, ‘दरिया दिल’, ‘लेडी सिंघम’, ‘शेरनी’ और ‘परिणय सूत्र’ जैसी ढेरों सुपरहिट फिल्मों में काम किया। साल 2013 में फिल्म ‘नागिन’ में उनके शानदार अभिनय के लिए उन्हें प्रतिष्ठित ‘सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री’ के पुरस्कार से भी नवाजा गया।
इसे भी पढ़ें: उमा भारती का लव जिहादी प्रेम
ओटीटी और टीवी रियलिटी शो में भी दिखाया जलवा
भोजपुरी फिल्मों के अलावा रानी चटर्जी ने डिजिटल और छोटे पर्दे पर भी अपनी खास पहचान बनाई है। वह चर्चित वेब सीरीज ‘मस्तराम’ और मशहूर रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी 10’ का हिस्सा रह चुकी हैं। इसके अलावा उन्होंने ‘मस्त मौली’, ‘बेटी हमारी अनमोल’ और ‘सिंदूर की कीमत’ जैसे धारावाहिकों में भी काम किया। हाल ही में उन्हें चर्चित रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ में भी देखा गया था।
इसे भी पढ़ें: उमर अब्दुल्ला और निधि राजदान की शादी को मौलाना ने बताया नाजायज, फतवा जारी
