Health Tips: ठंड लगने की असली वजह सिर्फ मौसम नहीं!
Health Tips: शरीर में इन विटामिनों की कमी से भी सबसे ज्यादा लगती है ठंड तापमान गिरने पर ठंड लगना आम बात है, लेकिन कुछ लोगों को सामान्य मौसम में भी सर्दी महसूस होती रहती है। ऐसे लोगों के हाथ-पैर हमेशा ठंडे बने रहते हैं और दूसरों की तुलना में उन्हें कहीं अधिक ठंड लगती है। डॉक्टरों के अनुसार, इसके पीछे केवल मौसम ही नहीं, बल्कि शरीर में कुछ आवश्यक पोषक तत्वों की कमी भी जिम्मेदार हो सकती है। मुख्य रूप से विटामिन बी12, विटामिन बी9 और आयरन की कमी से ठंड अधिक महसूस हो सकती है। ऐसे में इन पोषक तत्वों की कमी को दूर करना बेहद जरूरी हो जाता है। यहां जानिए कौन-से विटामिन की कमी से ठंड लगती है और किन खाद्य पदार्थों से इसे दूर किया जा सकता है।
किस विटामिन की कमी से ठंड ज्यादा लगती है
विटामिन बी12 की कमी: शरीर में विटामिन बी12 की कमी होने पर ठंड काफी अधिक लग सकती है। इसकी कमी से रेड ब्लड सेल्स के निर्माण पर असर पड़ता है, जिससे एनीमिया की समस्या हो सकती है। जब शरीर के अंगों तक पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं पहुंचती, तो व्यक्ति को कमजोरी, थकान और सामान्य से अधिक ठंड महसूस होती है। इसके अलावा बी12 की कमी से चक्कर आना, सांस फूलना, याददाश्त कमजोर होना और हाथ-पैरों में झनझनाहट जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं।
विटामिन बी9 की कमी: फोलेट यानी विटामिन बी9 की कमी भी एनीमिया का कारण बन सकती है। इस स्थिति में शरीर में पर्याप्त स्वस्थ रेड ब्लड सेल्स नहीं बन पाते, जिससे व्यक्ति को बार-बार ठंड लग सकती है। वहीं, आयरन की कमी एनीमिया का सबसे आम कारण मानी जाती है।
इसे भी पढ़ें: जानें सिर और गर्दन के कैंसर के शुरुआती लक्षण और बचाव के उपाय
किन खाद्य पदार्थों के सेवन से दूर होगी कमी
विटामिन बी12 की कमी: अगर शरीर में विटामिन बी12 की कमी है, तो अपने आहार में दूध, दही, पनीर, अंडा, मछली और चिकन जैसी चीजें शामिल कर सकते हैं। ये विटामिन बी12 के अच्छे स्रोत माने जाते हैं।
विटामिन बी9 की कमी: फोलेट यानी विटामिन बी9 की कमी को दूर करने के लिए पालक, मेथी, सरसों का साग, दालें, राजमा, चना और मौसमी फलों का सेवन किया जा सकता है।
आयरन की कमी: आयरन की पूर्ति के लिए हरी पत्तेदार सब्जियां, चुकंदर, गुड़, किशमिश, अनार, सोयाबीन और दालों का सेवन बढ़ाया जा सकता है। आयरन के बेहतर अवशोषण के लिए साथ में विटामिन C वाले फल जैसे आंवला, संतरा और नींबू भी लेना चाहिए।
इसे भी पढ़ें: मानसून में बढ़ जाता है फेफड़ों के इंफेक्शन का खतरा
